Brett Lee on Vaibhav Sooryavanshi : भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिस अंदाज में बेहद कम उम्र में अपनी पहचान बनाई है, उसने दुनियाभर के क्रिकेट दिग्गजों का ध्यान खींचा है. आईपीएल में तेज गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी और फिर इंटरनेशनल क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के बाद अब उनकी उम्र भी लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है. भारत के बाहर कई लोग उनकी उम्र पर सवाल उठाते हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने इस बहस को ज्यादा तवज्जो देने से साफ इनकार कर दिया है. उन्होंने कहा कि चर्चा वैभव की उम्र की नहीं, बल्कि उनकी क्रिकेट खेलने की क्षमता की होनी चाहिए.
'मायने नहीं रखती उम्र'
'बीयर बाइसेप्स' के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान ब्रेट ली ने कहा कि भारत के बाहर उनसे अक्सर वैभव की उम्र को लेकर सवाल किए जाते हैं. हालांकि, उनके लिए यह मायने नहीं रखता कि युवा बल्लेबाज की उम्र कितनी है. ली ने कहा, 'अगर वह 15 साल का है तो शानदार है, लेकिन अगर वह 17 या 18 साल का है तो इससे क्या फर्क पड़ता है? यह बच्चा क्रिकेट खेल सकता है.' उन्होंने वैभव को भारत के लिए शानदार खोज बताते हुए कहा कि आने वाले समय में यह बल्लेबाज और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है.
97 रन की पारी ने खींचा ध्यान
ब्रेट ली वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी से भी खासे प्रभावित हैं. उन्होंने आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेली गई वैभव की 97 रन की पारी का जिक्र किया. ली के मुताबिक, सामने तेज रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज थे, लेकिन वैभव ने शॉर्ट गेंदों के खिलाफ भी बिना घबराए हुक और पुल शॉट लगाए.
Also Read: सीओई सिर्फ रिहैब सेंटर नहीं... चोटिल खिलाड़ियों पर उठे सवालों पर बोले वीवीएस लक्ष्मण
वैभव के लिए दी सलाह
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने कहा कि वैभव के लिए असली चुनौती उनकी बल्लेबाजी नहीं, बल्कि बढ़ती शोहरत और उससे पैदा होने वाला मानसिक दबाव हो सकता है. उन्होंने सलाह दी कि वैभव पर जरूरत से ज्यादा उम्मीदों का बोझ नहीं डाला जाना चाहिए और उन्हें अभी अपनी उम्र के मुताबिक जिंदगी जीने का मौका मिलना चाहिए.
ब्रेट ली कहां डालते उसे बॉल?
अगर अपने खेल के दिनों में वैभव को गेंदबाजी करने का मौका मिलता ब्रेट ली उसे कहां बॉलिंग करते? इसपर जवाब देते हुए ब्रेट ली ने बताया कि वे उसे शॉर्ट गेंदों से चुनौती देते. उन्होंने कहा कि वैभव अगर ऐसी गेंद पर छक्का भी लगा देते, तब भी वह अगली गेंद डालने से पीछे नहीं हटते.
