Smaran Ravichandran viral catch: कर्नाटक और SRH के युवा खिलाड़ी स्मरण रविचंद्रन का एक जबरदस्त कैच सोशल मीडिया पर चर्चा में है. नॉर्थ जोन की पारी के दौरान स्लिप में स्मरण ने ऐसा कैच पकड़ा, जिसे देखकर हर कोई उनकी फील्डिंग का कायल हो गया. खास बात यह रही कि गेंद पहले उनके हाथ से छूटी, लेकिन उन्होंने अगले ही पल गोता लगाकर कैच पूरा कर लिया.
पहले हाथ से छूटा कैच, फिर लगाया जोरदार गोता
यह नजारा नॉर्थ जोन की पारी के 25वें ओवर में देखने को मिला. गेंदबाजी कर रहे थे स्पिनर श्रेयस गोपाल. उन्होंने ओवर की चौथी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ पर डाली. गेंद टर्न होकर बाहर की तरफ गई, जिस पर अब्दुल समद ने कट शॉट खेलने की कोशिश की.
इसे भी पढ़े- Babar Azam Lord's Test Controversy: लॉर्ड्स टेस्ट रद्द होने की थी नौबत? बाबर आजम बोले- मुझे कुछ नहीं पता था
अब्दुल समद के बल्ले का लगा बाहरी किनारा
समद के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद तेज रफ्तार से फर्स्ट स्लिप की ओर चली गई. गेंद स्मरण रविचंद्रन की दाईं तरफ थी. स्मरण ने तुरंत अपना दायां हाथ गेंद की तरफ लगाया, लेकिन गेंद हाथ से छिटक गई.
कैच छूटा तो भी नहीं मानी हार
गेंद जमीन की तरफ गिरने ही वाली थी कि स्मरण ने शानदार फुर्ती दिखाई. उन्होंने मैदान पर गोता लगाया और दोनों हाथों से गेंद को सुरक्षित पकड़ लिया. इस तरह मुश्किल कैच को उन्होंने शानदार अंदाज में पूरा कर दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ स्मरण का कैच
स्मरण रविचंद्रन के इस हैरतअंगेज कैच का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फैंस उनकी फील्डिंग की जमकर तारीफ कर रहे हैं. वहीं, अब्दुल समद भी इस कैच को देखकर हैरान रह गए. स्मरण का यह कैच एक बार फिर साबित करता है कि क्रिकेट में शानदार फील्डिंग मैच का रुख बदल सकती है.
