फाइनल में हार के बाद टूटे शुभमन गिल, मैच प्रेजेंटेशन में बताई हार की असली वजह

Shubman Gill Statement: आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल मैच में आरसीबी ने 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. इस हार के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने मैच में टीम की कमियों और आरसीबी की जीत पर खुलकर बात की.

Shubman Gill Statement: आईपीएल 2026 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. इस ऐतिहासिक जीत के बाद जहाँ आरसीबी खेमे में जश्न का माहौल है. वहीं उपविजेता रही गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने मैच के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी. आइए जानते हैं गिल ने इस हार और अपनी टीम के प्रदर्शन पर क्या कहा.

कप्तान गिल ने बताया कहाँ हुई चूक

आईपीएल 2026 का उपविजेता रहने के बाद गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने माना कि टीम फाइनल के दबाव में अपनी लय भटक गई. गिल ने मैच के बाद साफ किया कि विकेट में उतनी खराबी नहीं थी, जितनी उनके बल्लेबाजों ने दिखाई. शुरुआती विकेट गिरने के कारण टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही. गिल ने कहा कि अगर स्कोर 180 पार होता तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था. बाकी बची कसर आरसीबी के बल्लेबाजों ने पावरप्ले में पूरी कर दी. कोहली और वेंकटेश अय्यर की जोड़ी ने शुरुआती 6 ओवरों में ही 62 रन बनाकर जीटी के गेंदबाजों को मैच से बाहर कर दिया. गिल ने स्वीकार किया कि पावरप्ले में विकेट न ले पाना और अतिरिक्त रन लुटाना टीम को भारी पड़ा.

‘ट्रॉफ़ी जीतते तब भी सुधार की गुंजाइश रहती’

आरसीबी के खिलाफ खिताबी मुकाबला गंवाने के बाद गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने अपनी टीम के जुझारू सफर को याद किया. गिल ने कहा कि शुरुआती दो मैचों में शिकस्त मिलने के बाद टीम ने जोरदार वापसी की और फाइनल तक का सफर तय किया, जो काबिल-ए-तारीफ है. उन्होंने अपनी टीम को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी यूनिट्स में से एक बताया. गिल ने कहा कि खिलाड़ी लगातार खुद को चुनौती देते रहे और बेहतर बनते रहे. उन्होंने बड़े ही सकारात्मक अंदाज में अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि भले ही वे जीत की मंजिल तक नहीं पहुंच पाए, लेकिन सुधार की प्रक्रिया कभी नहीं रुकती. अगर वे आज ट्रॉफी जीत भी जाते, तब भी सुधार की गुंजाइश बनी रहती.

कोहली के तूफान में उड़ी GT

आरसीबी ने रविवार को एकतरफा अंदाज में गुजरात टाइटंस को हराकर आईपीएल 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली. पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम आरसीबी के गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आई. बटलर, गिल और सुदर्शन की विफलता के कारण टीम महज 155 रन ही बना सकी. जिसे आरसीबी ने विराट कोहली की नाबाद 75 रनों की पारी के दम पर 12 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया.

यह भी पढ़े- मैदान से ड्रेसिंग रूम तक… IPL 2026 के 5 विवाद जिन्होंने बटोरी सबसे ज्यादा सुर्खियां

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >