Ind vs Sl Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज शनिवार से गॉल में शुरू होने जा रही है. पहले टेस्ट से एक दिन पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टीम की तैयारियों और प्लेइंग कॉम्बिनेशन को लेकर कई अहम बातें कहीं. गिल ने युवा ऑलराउंडर मानव सुथार पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह टीम को नंबर-8 पर बल्लेबाजी में जरूरी डेप्थ दे सकते हैं. साथ ही उन्होंने माना कि श्रीलंका दौरे पर स्पिन गेंदबाजों की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है.
नंबर-8 पर मानव सुथार से उम्मीद
भारत के पास इस सीरीज में कुछ नियमित ऑलराउंड विकल्प मौजूद नहीं हैं. ऐसे में मानव सुथार टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं. गिल ने उनकी बल्लेबाजी क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें नंबर-8 के उपयोगी बल्लेबाज बनने की क्षमता है.
गिल ने कहा, 'मानव सुथार के पास बल्ले से योगदान देने की क्षमता है और हम जानते हैं कि वह अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं. इस स्तर पर आपको अनुभव, विश्वास और आत्मविश्वास की जरूरत होती है, जो तभी आता है जब आप मैदान पर उतरकर रन बनाते हैं. उम्मीद है कि वह इस सीरीज में ऐसा करेंगे. गेंदबाजी में उनके पास शानदार कौशल है और उनमें एक अच्छे नंबर-8 बल्लेबाज बनने की क्षमता भी है.'
स्पिनरों की होगी बड़ी भूमिका
गिल ने गॉल की परिस्थितियों की तुलना भारत के कुछ मैदानों से करते हुए कहा कि दोनों देशों में स्पिन गेंदबाजों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है. उन्होंने बताया कि गॉल की पिच पर स्पिनरों को अच्छा बाउंस मिल सकता है और नजदीकी फील्डरों तथा स्लिप में कैच के मौके भी बनेंगे. उन्होंने कहा कि लाल मिट्टी वाली भारतीय पिचों, खासकर मुंबई की परिस्थितियों से गॉल की कुछ समानताएं हैं. हालांकि, श्रीलंका में खुला मैदान होने के कारण हवा भी खेल पर प्रभाव डालती है. गिल के मुताबिक बल्लेबाजों को यह देखना होगा कि हवा उनके पक्ष में है या खिलाफ और उसी के अनुसार स्पिनरों के खिलाफ रणनीति बनानी होगी.
Also Read: सेना के खिलाड़ियों से मिले राजनाथ सिंह, CWG में भारत के लिए जीते थे 16 मेडल
बुमराह और सुदर्शन नहीं हैं टीम का हिस्सा
भारत को इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन की कमी खलेगी. बुमराह घुटने की समस्या के कारण सीरीज से बाहर हैं, जबकि साई सुदर्शन दाहिने पैर की अंगुली में स्ट्रेस रिएक्शन के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं. उनकी जगह औकिब नबी और सरफराज खान को टीम में शामिल किया गया है. गिल के अनुसार 15 खिलाड़ियों में से जो भी अंतिम 11 में जगह बनाएगा, उसमें किसी भी परिस्थिति में अच्छा प्रदर्शन कर भारत को जीत दिलाने की क्षमता है.
राहुल-जडेजा ने साझा किया श्रीलंका का अनुभव
गिल ने बताया कि केएल राहुल और रविंद्र जडेजा, जो मौजूदा टीम में 2017 के श्रीलंका दौरे पर खेलने वाले दो खिलाड़ी हैं, ने बाकी खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा किए हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी मैदान और देश में मैच किस तरह आगे बढ़ता है, इसकी जानकारी होना बेहद महत्वपूर्ण है.
गिल के सामने प्लेइंग XI को लेकर दुविधा
पहले टेस्ट के लिए गिल के सामने तेज गेंदबाजी संयोजन को लेकर भी चुनौती है. मोहम्मद सिराज का खेलना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि दूसरे तेज गेंदबाज के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार में से किसी एक को चुनना होगा. गिल ने दोनों गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि गुरनूर के पास पुरानी गेंद से प्रभाव डालने के साथ अतिरिक्त गति और उछाल है. वहीं प्रसिद्ध कृष्णा हाल के समय में रेड बॉल और व्हाइट बॉल दोनों में अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कर रहे हैं. ऐसे में किसी एक को चुनना टीम प्रबंधन के लिए मुश्किल फैसला होगा.
600वें टेस्ट में उतरेगा भारत
गॉल में होने वाला पहला टेस्ट भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक भी है. यह भारत का 600वां टेस्ट मैच होगा. भारत इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाली दुनिया की तीसरी टीम और ऐसा करने वाली पहली एशियाई टीम बनेगा. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से भी यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम है. भारत फिलहाल अंक तालिका में पांचवें और श्रीलंका छठे स्थान पर है. ऐसे में दोनों टीमें सीरीज में जीत हासिल कर अपनी फाइनल की उम्मीदों को मजबूत करना चाहेंगी.
Also Read: 'मुझे इससे चिढ़ होती थी...' जडेजा के तलवार वाले सेलिब्रेशन पर इंग्लैंड के दिग्गज ने क्यों उठाए सवाल?
