Shreyas Iyer West Indies Series: भारतीय क्रिकेट के लिए अक्टूबर का पहला सप्ताह बेहद खास होने वाला है. 3 अक्टूबर को भारत की दो अलग-अलग क्रिकेट टीमें दो देशों में एक साथ मैदान पर उतर सकती हैं. एक टीम भारत में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे खेलेगी, जबकि दूसरी जापान में एशियन गेम्स के मेडल मुकाबले में नजर आ सकती है.
इस शेड्यूल का असर श्रेयस अय्यर पर पड़ेगा. अय्यर एशियन गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान हैं. ऐसे में टूर्नामेंट के दौरान उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी जापान में टीम की अगुवाई करना होगी. यही वजह है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में उनका खेलना मुश्किल नजर आ रहा है.
अय्यर के लिए क्यों मुश्किल है वनडे खेलना?
श्रेयस अय्यर एशियन गेम्स के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय भारतीय पुरुष टीम की कमान संभाल रहे हैं. भारतीय टीम का अभियान सितंबर के आखिर में शुरू होगा और अगर टीम फाइनल तक पहुंचती है, तो उसका सफर 3 अक्टूबर तक चलेगा.
दूसरी तरफ वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की तीन मैचों की वनडे सीरीज भी 27 सितंबर से शुरू होगी और इसका आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा. पहला वनडे तिरुवनंतपुरम और दूसरा गुवाहाटी में होगा. अय्यर के लिए दोनों टीमों का हिस्सा बनना संभव नहीं होगा.
ये भी पढ़ें: VIDEO: 3 दिन से ईशान किशन का इतंजार कर रहा था नेपाली फैन, फिर बिहारी बाबू ने ऐसे जीता दिल
एशियन गेम्स में अय्यर की टीम पर बड़ी जिम्मेदारी
भारत ने एशियन गेम्स के लिए मजबूत 15 सदस्यीय टीम चुनी है. श्रेयस अय्यर को कप्तान और तिलक वर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है. टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं.
एशियन गेम्स में क्रिकेट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा और भारतीय टीम की नजर गोल्ड मेडल पर होगी. ऐसे में कप्तान अय्यर के लिए टीम के साथ मौजूद रहना काफी अहम होगा.
3 अक्टूबर को दिख सकता है अनोखा नजारा
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा वनडे 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा. इसी दिन एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट का फाइनल और कांस्य पदक मुकाबला भी होना है.
भारतीय पुरुष टीम को एशियन गेम्स में सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है. क्वार्टर फाइनल 28 सितंबर, सेमीफाइनल 1 अक्टूबर और फाइनल 3 अक्टूबर को खेला जाना है. ऐसे में अगर भारत एशियन गेम्स के फाइनल या कांस्य पदक मुकाबले तक पहुंचता है, तो 3 अक्टूबर को दो भारतीय क्रिकेट टीमें एक ही दिन दो अलग-अलग देशों में खेलती नजर आ सकती हैं.
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: टीम इंडिया को नहीं मिलेगा VIP ट्रीटमेंट, BCCI ने होटल विवाद पर तोड़ी चुप्पी
