DPL 2026: सार्थक रंजन का तूफानी फॉर्म जारी, 23 गेंदों में 45 रन; फिर भी हारी नॉर्थ दिल्ली

Sarthak Ranjan: DPL 2026 में नॉर्थ दिल्ली के सार्थक रंजन 23 गेंदों पर 45 रन बनाकर छाए. जानें कैसे आयुष बदोनी की शतकीय पारी ने पलटा मैच का रुख.

Sarthak Ranjan: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान सार्थक रंजन का शानदार फॉर्म जारी है. बुधवार, 19 अगस्त को अरुण जेटली स्टेडियम में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने महज 23 गेंदों पर 45 रन की विस्फोटक पारी खेली. सार्थक ने अपनी पारी में 6 छक्के और एक चौका लगाया और 195.65 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की.

यश डबास और अर्जुन रपरिया ने भी लगाए बड़े शॉट

सार्थक के अलावा यश डबास ने नॉर्थ दिल्ली की पारी को गति देने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने 38 गेंदों का सामना करते हुए 78 रन बनाए. वहीं पारी के अंतिम चरण में अर्जुन रपरिया ने सिर्फ 11 गेंदों में 27 रन ठोककर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में मदद की. इन आक्रामक पारियों के दम पर नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 207 रन बनाए. टीम को उम्मीद थी कि यह स्कोर मुकाबला जीतने के लिए पर्याप्त साबित होगा, लेकिन साउथ दिल्ली के बल्लेबाजों ने कहानी ही बदल दी.

इसे भी पढ़े- Lausanne Diamond League 2026: नीरज चोपड़ा ने फेंका 88.05 मीटर का भाला, लेकिन 9 सेंटीमीटर से टूट गया चैंपियन बनने का सपना

आयुष बदोनी ने अकेले बदल दिया मैच का रुख

208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को उनके कप्तान आयुष बदोनी ने शानदार शुरुआत दिलाई. बदोनी ने 47 गेंदों पर 90 रन की बेहतरीन पारी खेली. उनकी पारी में 4 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. बदोनी को सनत सांगवान और तेजस्वी सिंह का भी अच्छा साथ मिला. सनत ने सिर्फ 9 गेंदों में 21 रन बनाए, जबकि तेजस्वी ने 19 गेंदों पर 28 रन की उपयोगी पारी खेली. इन पारियों की बदौलत साउथ दिल्ली ने 19.3 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 208 रन बना लिए और रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया.

DPL 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज

नॉर्थ दिल्ली के लिए नतीजा भले ही निराशाजनक रहा, लेकिन सार्थक रंजन का बल्ला इस सीजन लगातार रन उगल रहा है. 29 वर्षीय बल्लेबाज 8 मैचों की 8 पारियों में 473 रन बनाकर DPL 2026 में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनका बल्लेबाजी औसत 59.13 का है. सार्थक पहले IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स के स्क्वॉड का हिस्सा भी रह चुके हैं. मौजूदा DPL सीजन में जिस निरंतरता के साथ वह रन बना रहे हैं, उससे साफ है कि बड़े स्तर पर खुद को साबित करने की उनमें पूरी क्षमता मौजूद है.

इसे भी पढ़े- न बॉलीवुड हसीनाओं से जुड़ा इमरान खान का नाम, रेखा से शादी की भी थी चर्चा

साउथ दिल्ली तीसरे नंबर पर पहुंची


सासंद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन (एक्स)

इस जीत के साथ साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने 9 मैचों में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की. टीम के खाते में अब 5 जीत, 3 हार और एक बेनतीजा मुकाबला है, जिसके साथ वह अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है. दूसरी ओर, नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की यह इस सीजन की पांचवीं हार रही. टीम ने अब तक 3 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है. 7 अंक के साथ नॉर्थ दिल्ली फिलहाल छठे स्थान पर है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >