Rohit Sharma on Ajinkya Rahane Retirement: भारतीय क्रिकेट के भरोसेमंद बल्लेबाजों में शुमार अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. लगभग 20 वर्षों तक भारतीय टीम का हिस्सा रहे रहाणे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी. उनके संन्यास की घोषणा के बाद क्रिकेट जगत से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. भारत के पूर्व कप्तान और मुंबई के उनके लंबे समय के साथी रोहित शर्मा ने भी रहाणे के शानदार करियर को याद करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. रोहित ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक संदेश साझा किया और कहा कि रहाणे की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण उन्हें हमेशा दूसरों से अलग बनाता रहा.
रोहित शर्मा ने पोस्ट में क्या लिखा
रोहित शर्मा ने लिखा,
“हमने कई वर्षों तक एक ही ड्रेसिंग रूम साझा किया है और मैं जानता हूं कि तुम्हारी हर उपलब्धि के पीछे कितनी मेहनत रही है. तुम्हारी प्रतिबद्धता और प्रोफेशनल रवैये ने हमेशा तुम्हें सबसे अलग बनाया. शानदार करियर के लिए बधाई. भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं.”
टेस्ट क्रिकेट में बनाई खास पहचान
अजिंक्य रहाणे ने भारतीय टेस्ट क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई. उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट मैच खेले और 5,077 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 12 शतक और 26 अर्धशतक निकले. टेस्ट क्रिकेट में उनका बल्लेबाजी औसत 38.46 रहा. वनडे क्रिकेट में भी रहाणे ने भारत का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने 90 वनडे मुकाबलों में 2,962 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं. इस फॉर्मेट में उनका औसत 35.26 रहा. वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 20 मैचों में 375 रन बनाए और एक अर्धशतक लगाया.
कप्तानी में भी रहा शानदार रिकॉर्ड
अजिंक्य रहाणे का कप्तानी रिकॉर्ड भी बेहद प्रभावशाली रहा. उन्होंने भारत की टेस्ट टीम की कप्तानी करते हुए 6 मुकाबलों में टीम का नेतृत्व किया, जिसमें भारत ने 4 मैच जीते और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे. कम से कम पांच टेस्ट मैचों में कप्तानी करने वाले भारतीय कप्तानों में उनका जीत प्रतिशत सबसे बेहतर रहा. हालांकि उन्हें नियमित कप्तान के रूप में लंबे समय तक मौका नहीं मिला, लेकिन जब भी टीम को उनकी जरूरत पड़ी, उन्होंने जिम्मेदारी बखूबी निभाई.
ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक जीत के हीरो बने रहाणे
रहाणे के करियर का सबसे यादगार अध्याय 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी रहा. एडिलेड टेस्ट में भारतीय टीम की हार के बाद नियमित कप्तान विराट कोहली स्वदेश लौट गए थे. इसके बाद रहाणे ने टीम की कमान संभाली. मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में रहाणे ने शानदार शतक लगाकर भारत को जीत दिलाई. इसके बाद उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की. इस जीत के साथ भारत ने ऑस्ट्रेलिया के वर्षों पुराने अजेय रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया. इससे पहले 2017 में धर्मशाला टेस्ट में भी रहाणे ने कप्तानी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को जीत दिलाई थी और टीम ने सीरीज अपने नाम की थी.
इसे भी पढ़े- ICC World Cup 2027: 12 वेन्यू का ऐलान, दक्षिण अफ्रीका-जिम्बाब्वे-नामीबिया में होंगे मुकाबले
