भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है. चार बार की चैंपियन अकाने यामागुची को फाइनल में 21-17, 21-17 से हराकर सिंधु इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं. उनकी इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी, जिसका सिंधु ने भावुक अंदाज में जवाब दिया.
प्रधानमंत्री मोदी ने सिंधु की जीत को भारतीय बैडमिंटन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और कहा कि उनका संघर्ष, समर्पण और सफलता देश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी. पीएम के संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंधु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बहुत-बहुत धन्यवाद, माननीय प्रधानमंत्री सर. आपकी शुभकामनाएं मेरे लिए बहुत मायने रखती हैं.”
सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक के बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ बिताए खास पलों को भी याद किया. उन्होंने लिखा कि टोक्यो के बाद साथ में आइसक्रीम खाना और प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई छोटी-सी बातचीत जैसी यादें हमेशा उनके दिल में रहेंगी.
सिंधु ने प्रधानमंत्री के कार्यशैली की तारीफी की
पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु ने प्रधानमंत्री के कार्यशैली की भी प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि हर मुलाकात में उन्होंने देश के प्रति मोदी के समर्पण और कड़ी मेहनत को करीब से देखा है. सिंधु ने लिखा कि लगातार बैठकों में व्यस्त रहने और देर रात तक काम करने की उनकी आदत देशसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
कई नेताओं ने सिंधु को दी बधाई
सिंधु की इस ऐतिहासिक जीत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी. सभी ने इसे भारतीय बैडमिंटन के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि सिंधु की उपलब्धि देश के युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा देगी.
ये भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप फाइनल का खुमार: अर्जेंटीना-स्पेन मुकाबले के लिए केरल में सोमवार को स्कूलों की छुट्टी
