17 साल बाद भारत लौट रहा BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप, सिंधु समेत इन स्टार्स पर रहेंगी नजरें

भारत, 17 साल बाद BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी कर रहा है. नई दिल्ली में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पीवी सिंधु, सात्विक-चिराग और लक्ष्य सेन जैसे भारतीय सितारे खिताब के लिए जोर-आजमाइश करेंगे. जानें चैंपियनशिप से जुड़ी हर खास बात.

BWF World Championships : भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु एक बार फिर विश्व चैंपियनशिप में अपनी पहचान कायम करने के लिए तैयार हैं. इस बार उनके सामने चुनौती के साथ घरेलू कोर्ट का फायदा भी होगा, क्योंकि BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 का आयोजन भारत में किया जा रहा है. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और 2019 की विश्व चैंपियन सिंधु अपने घरेलू दर्शकों के सामने एक और पदक जीतने के इरादे से कोर्ट पर उतरेंगी.

17 अगस्त से शुरू होगी चैंपियनशिप

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक होने वाली चैंपियनशिप में सिंधु को महिला सिंगल्स में नौवीं वरीयता मिली है. वह अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड की सोफिया नोबल के खिलाफ करेंगी. शुरुआती दौर की चुनौती पार करने के बाद उनका सामना चीन की तीसरी वरीय वांग झी यी से हो सकता है.

जापान ओपन की जीत से बढ़ा आत्मविश्वास

सिंधु टूर्नामेंट में अच्छे फॉर्म के साथ उतर रही हैं. उन्होंने पिछले महीने जापान ओपन का खिताब जीतकर अपना आत्मविश्वास मजबूत किया है. विश्व चैंपियनशिप में उनका प्रदर्शन भी शानदार रहा है. सिंधु इस प्रतियोगिता में अब तक पांच पदक अपने नाम कर चुकी हैं, जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य शामिल हैं. 2019 में सिंधु ने विश्व चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक जीता था. करीब सात साल बाद वह एक बार फिर इस प्रतियोगिता में खिताब हासिल करने की कोशिश करेंगी.

सिंधु ने टूर्नामेंट से पहले कहा कि भारत में विश्व चैंपियनशिप का आयोजन उनके लिए बेहद खास है. उन्होंने जापान ओपन की जीत को लेकर कहा कि इससे उन्हें काफी आत्मविश्वास मिला है और वह उसी लय को आगे बढ़ाना चाहती हैं.

17 साल बाद भारत लौटी BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप

BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप करीब 17 साल बाद भारत लौट रही है. इससे पहले 2009 में हैदराबाद ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी की थी. इस बार नई दिल्ली में दुनिया के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी खिताब के लिए कोर्ट पर उतरेंगे. इस प्रतियोगिता को बैडमिंटन की सबसे प्रतिष्ठित स्पर्धाओं में शामिल किया जाता है. ओलंपिक के साथ यहां खिलाड़ियों को BWF रैंकिंग के लिए सबसे अधिक अंक मिलते हैं, इसलिए हर मुकाबला खिलाड़ियों के लिए काफी अहम रहेगा. घरेलू कोर्ट पर भारतीय चुनौती की अगुआई सिंधु के साथ पुरुष डबल्स की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी करेगी. पांचवीं वरीय इस जोड़ी ने 2022 और 2025 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीते हैं. अब उनकी नजर अपने पहले विश्व खिताब पर होगी.

Also Read: एशिया कप और एशियन गेम्स के लिए पाकिस्तान की टीम घोषित, इस खिलाड़ी को मिली कप्तानी

इन भारतीय खिलाड़ियों पर भी रहेंगी नजरें

पुरुष सिंगल्स में 14वीं वरीय लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी भारत की चुनौती संभालेंगे. आयुष के सामने पहले दौर में गत चैंपियन और चीन के शीर्ष वरीय शी यूकी की चुनौती होगी. महिला सिंगल्स में सिंधु के साथ उन्नति हुड्डा भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. महिला डबल्स में त्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद और काविप्रिया सेल्वम-सिमरन सिंघी की जोड़ियां उतरेंगी. वहीं मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो, रोहन कपूर-रुथविका गड्डे और अशित सूर्य-अमृता प्रमुथेश भारतीय चुनौती पेश करेंगे.

वर्गभारतीय खिलाड़ी
पुरुष सिंगल्सलक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी
पुरुष डबल्ससात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी, हरिहरन अम्साकरुणन-एमआर अर्जुन
महिला सिंगल्सपीवी सिंधु, उन्नति हुड्डा
महिला डबल्सत्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद, काविप्रिया सेल्वम-सिमरन सिंघी
मिक्स्ड डबल्सध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो, रोहन कपूर-रुथविका गड्डे, अशित सूर्य-अमृता प्रमुथेश

Also Read: पुजारा के बाद जिस बल्लेबाज की थी तलाश क्या वो भारत को मिल गया? इस खिलाड़ी ने बताया क्यों नं-3 के लिए हैं परफेक्ट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >