Highlights
PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के एक रोमांचक मैच में भारी विवाद सामने आया है. रविवार को लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच मुकाबला हुआ. इस मैच में कराची किंग्स ने चार विकेट से जीत हासिल की. लेकिन हार के साथ लाहौर कलंदर्स की मुश्किलें काफी ज्यादा हो गई हैं. लाहौर कलंदर्स के प्लेयर फखर जमान पर बॉल टैंपरिंग यानी गेंद की स्थिति बदलने का गंभीर आरोप लगा है. पीसीबी ने उन पर लेवल 3 के अपराध का चार्ज लगाया है. इस वजह से फखर पर कम से कम एक मैच और अधिकतम दो मैच का बैन लग सकता है.
PSL 2026: क्या है लेवल 3 का अपराध और नियम?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के आधिकारिक बयान के अनुसार, फखर जमान पर आर्टिकल 2.14 के तहत आरोप तय किए गए हैं. इसके अलावा उन्होंने PSL 11 की प्लेइंग कंडीशन के आर्टिकल 41.3 का भी पालन नहीं किया है. यह नियम किसी भी प्लेयर को गेंद के साथ किसी भी तरह का बदलाव करने से रोकता है. फखर जमान ने मैच रेफरी रोशन महानामा के सामने हुई सुनवाई में इन सभी आरोपों से साफ इनकार कर दिया है. अब अगले 48 घंटों के भीतर एक और सुनवाई तय की गई है. इसके बाद मैच रेफरी अपना अंतिम फैसला सुनाएंगे.
PSL 2026: 19वें ओवर के आखिर में शुरू हुआ विवाद
यह पूरा मामला मैच की दूसरी पारी के 19वें ओवर के बाद सामने आया. उस समय मुकाबला काफी रोमांचक हो चुका था. कराची किंग्स को जीत के लिए आखिरी ओवर में 14 रन की दरकार थी. लाहौर के कप्तान शाहीन अफरीदी ने हारिस रउफ को गेंदबाजी के लिए बुलाया. उसी वक्त अफरीदी, हारिस रउफ और फखर जमान एक साथ जमा हुए. तीनों ने एक-एक करके गेंद को अपने हाथों में लिया. अंपायर फैसल अफरीदी की नजर इस पूरी घटना पर थी. उन्होंने बिना देरी किए गेंद को अपने पास मांग लिया ताकि उसकी जांच की जा सके.
PSL 2026: लाहौर कलंदर्स पर लगा 5 रन का जुर्माना
गेंद को अपने पास लेने के बाद अंपायर फैसल अफरीदी और स्क्वायर लेग अंपायर शरफुद्दौला के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. दोनों अंपायरों ने बारीकी से गेंद को चेक किया. इसके बाद अंपायरों ने माना कि लाहौर कलंदर्स ने गेंद की स्थिति को जानबूझकर खराब करने की कोशिश की है. अंपायरों ने तुरंत गेंद बदल दी. साथ ही कराची किंग्स को पेनाल्टी के तौर पर 5 रन भी दे दिए. इन 5 रनों ने मैच का पूरा रुख पलट दिया.
आखिरी ओवर की पहली गेंद पर खुशदिल शाह आउट हो गए. लेकिन इसके बाद हारिस रउफ ने एक वाइड गेंद फेंकी. अंत में अब्बास अफरीदी ने एक शानदार चौका और एक छक्का लगाकर कराची किंग्स को तीन गेंद बाकी रहते जीत दिला दी.
PSL 2026: हसन अली पर भी हुआ एक्शन
फखर जमान के अलावा कराची किंग्स के तेज गेंदबाज हसन अली को भी सजा मिली है. हसन अली पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. उन्होंने पीसीबी के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.5 का पालन नहीं किया है. यह लेवल 1 का अपराध है. जब कोई प्लेयर आउट होने वाले बल्लेबाज के सामने ऐसे इशारे या भाषा का इस्तेमाल करता है जिससे बल्लेबाज को गुस्सा आ जाए, तब यह नियम लागू होता है. हसन अली ने अपनी गलती और पीसीबी की तरफ से दी गई सजा को पूरी तरह से मान लिया है.
ये भी पढ़ें-
RR vs CSK: क्या बारिश बनेगी राजस्थान और चेन्नई मैच में विलेन? जानें मौसम और पिच का हाल
पाकिस्तान क्रिकेट फिर बदनाम: बीच मैदान फखर जमान पर बॉल टेंपरिंग का आरोप? वीडियो वायरल
IPL 2026: रोहित शर्मा ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड, KKR के खिलाफ मचाया धमाल
