प्रियांश आर्या ने बताया तूफानी पारी का राज, बोले- छक्कों पर नहीं, क्रीज पर टिकने पर है फोकस

PBKS vs LSG: मुल्लनपुर में पंजाब की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रियांश आर्या ने अपनी बैटिंग स्टाइल पर खुलासा किया है. 93 रनों की पारी खेलने वाले आर्या ने बताया कि वे सिक्स-हिटिंग की जगह गेंदों को खेलने पर ध्यान देते हैं. इसके साथ ही उन्होंने कोच की ट्रेनिंग और कॉनोली संग अपनी जुगलबंदी पर भी बात की.

PBKS vs LSG: मुल्लनपुर में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 54 रनों से हरा दिया. पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर 254/7 बनाया. इसमें सबसे बड़ा योगदान ओपनर प्रियांश आर्या का रहा, जिन्होंने सिर्फ 37 गेंदों में 93 रनों की पारी खेली. उनके साथ कूपर कॉनोली ने भी 46 गेंदों में 87 रन बनाए. इन दोनों के बीच 182 रनों की बड़ी पार्टनरशिप हुई, जिसने लखनऊ के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया.

सिक्स-हिटिंग पर नहीं, क्रीज पर समय बिताने पर फोकस

प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद प्रियांश आर्या ने अपनी सफलता का मंत्र साझा किया. आर्या ने कहा कि वह छक्के मारने की प्रैक्टिस नहीं करते हैं, बल्कि उनका पूरा ध्यान ज्यादा से ज्यादा गेंदें खेलने और क्रीज पर टिकने पर रहता है. उन्होंने बताया कि वह पावरप्ले के बाद मिडिल ओवर्स में टीम के लिए बड़ा योगदान देना चाहते थे और इसमें सफल रहे. आर्या के मुताबिक, पॉइंट के ऊपर से लगाया गया शॉट उनका सबसे पसंदीदा स्ट्रोक था.

फिटनेस और टीम सपोर्ट का कमाल

अपनी फिटनेस और तैयारी को लेकर आर्या ने आनंद सर और बिरला सर को क्रेडिट दिया. उन्होंने बताया कि पिछले 6 महीनों से ये दोनों कोच टीम के साथ काम कर रहे हैं और उनके बताए गए प्लान को फॉलो करने से प्रदर्शन में निरंतरता आ रही है. वहीं, साथी खिलाड़ी कूपर कॉनोली के साथ तालमेल पर आर्या ने कहा कि वे मैदान पर आपस में बहुत कम बात करते हैं. उनका मानना है कि कम बात करने से दिमाग में फालतू विचार नहीं आते और खेल पर फोकस बना रहता है.

255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम 200/5 रन ही बना सकी. मिचेल मार्श (40) और आयुष बदोनी (35) ने 61 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप कर अच्छी शुरुआत दी थी. इसके बाद ऋषभ पंत ने भी 43 रन बनाए, लेकिन पंजाब के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर लखनऊ को मैच से बाहर कर दिया. मार्को जानसन, युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह ने अहम मौके पर विकेट चटकाए. इस जीत के साथ पंजाब किंग्स पॉइंट्स टेबल में टॉप पर बनी हुई है.

ये भी पढ़ें: PBKS vs LSG: कुछ शॉट तो होश उड़ा देने वाले थे, पढ़ें श्रेयस अय्यर ने किसकी की जमकर तारीफ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >