तोक्यो ओलंपिक तक करार किए गए सभी विदेशी कोचों का बढ़ेगा कार्यकाल

विदेशी कोचों के अनुबंध तोक्यो ओलंपिक तक ही थे लेकिन खेलों के 2021 तक स्थगित होने के बाद अब उनका ‘अधूरा अभियान' पूरा होने तक उन्हें पद पर बरकरार रखा जाएगा.

भारतीय खिलाड़ियों के साथ जुड़े कई विदेशी कोचों के अनुबंध तोक्यो ओलंपिक तक ही थे लेकिन खेलों के 2021 तक स्थगित होने के बाद अब उनका ‘अधूरा अभियान’ पूरा होने तक उन्हें पद पर बरकरार रखा जाएगा. महिला कुश्ती कोच एंड्रयू कुक, पिस्टल निशानेबाजी कोच पावेल स्मिरनोव, मुक्केबाजी कोच सैंटियागो नीवा और रफेले बर्गामास्को या एथलेटिक्स के हाई परफार्मेंस निदेशक वोल्कर हर्मान के अनुबंध तोक्यो ओलंपिक 2020 तक ही थे.

अब कोविड 19 के कारण खेल अगले साल होंगे लिहाजा भारत के विदेशी कोचों का कार्यकाल एक साल के लिए और बढाया जाएगा. देशव्यापी लॉकडाउन खत्म होने के बाद इस बारे में औपचारिकतायें पूरी की जाएंगी. भारतीय कुश्ती महासंघ के सचिव वी एन प्रसूद ने कहा ,‘‘ भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) उन्हें वेतन देता है. हमें उनसे बात करनी होगी. हमें नहीं लगता कि उनका कार्यकाल बढाने में कोई दिक्कत आएगी.”

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ को भी यकीन है कि स्मिरोव और राइफल कोच ओलेग मिकाहिलोव के कार्यकाल को विस्तार दे दिया जाएगा. उनके अनुबंध अगस्त तक ही थे. एनआरएआई के एक अधिकारी ने कहा ,‘‘इसकी समीक्षा की जाएगी. हम साइ से बात करेंगे कि कोचों का कार्यकाल बढाया जाए.

दफ्तर खुलने के बाद इस बारे में कार्रवाई की जाएगी.” लेकिन क्या कोच अतिरिक्त एक साल रूकने को तैयार हैं? मुक्केबाजी के कोच तो हैं. नीवा ने कहा ,‘‘ साइ के साथ मेरा करार दिसंबर तक का है लेकिन विस्तार मिलने पर मैं रूक जाऊंगा. ओलंपिक से पहले मैं जा नहीं सकता.” भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के एक अधिकारी ने कहा ,‘‘ हमारे साथ जुड़े सभी विदेशी कोचों का कार्यकाल बढ़ाया जाएगा.

मंत्रालय तो चाहता था कि वे 2024 तक बने रहे लिहाजा कोई दिक्कत नहीं होगी.” भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष आदिले सुमरिवाला ने तो कहा कि करार की मियाद बढना लाजमी है. हाकी इंडिया ने तो साइ के पास पहले ही पुरूष टीम के कोच ग्राहम रीड और महिला टीम के कोच शोर्ड मारिन का करार बढ़ाने का आवेदन दे दिया है. हाकी इंडिया की सीईओ एलेना नार्मन ने कहा ,‘‘हमने अपने सभी विदेशी कोचों से बात की है और वे ओलंपिक तक रूकने को तैयार हैं.”

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sameer Oraon

Published by: Prabhat Khabar

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >