CWG:भारतीय निशानेबाजों का उम्दा प्रदर्शन,श्रेयसी को डबल ट्रैप में रजत पदक
ग्लास्गो : युवा निशानेबाज श्रेयसी सिंह ने रजत जबकि मोहम्मद असब ने कांस्य पदक जीता, जिससे भारतीय निशानेबाजों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 20वें राष्ट्रमंडल खेलों की प्रतियोगिताओं के चौथे दिन रविवार को दो और पदक जीते. 22 वर्षीय श्रेयसी ने महिला डबल ट्रैप स्पर्द्धा में रजत पदक जीता को राष्ट्रमंडल खेलों में […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
ग्लास्गो : युवा निशानेबाज श्रेयसी सिंह ने रजत जबकि मोहम्मद असब ने कांस्य पदक जीता, जिससे भारतीय निशानेबाजों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 20वें राष्ट्रमंडल खेलों की प्रतियोगिताओं के चौथे दिन रविवार को दो और पदक जीते. 22 वर्षीय श्रेयसी ने महिला डबल ट्रैप स्पर्द्धा में रजत पदक जीता को राष्ट्रमंडल खेलों में उनका पहला पदक है.
भारत ने अब तक 19 पदक जीते हैं, जिसमें निशानेबाजों ने सर्वाधिक नौ पदक हासिल किये हैं. मोहम्मद असब ने भी भारतीय निशानेबाजी टीम को जश्न मनाने का मौका दिया, जब उन्होंने बैरी बुडोन सेंटर में पुरुष डबल ट्रैप स्पर्द्धा का कांस्य पदक जीता.
रविवार के दो पदक के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 19 हो गई है जिसमें पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य पदक शामिल है. भारत ने पदक तालिका में अपना पांचवां स्थान बरकरार रखा है. ऑस्ट्रेलिया 19 स्वर्ण, 14 रजत और 21 कांस्य पदक के साथ शीर्ष पर चल रहा है. इंग्लैंड 18 स्वर्ण, 14 रजत और 15 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान हैं.
स्काटलैंड 11 स्वर्ण, छह रजत और आठ कांस्य के साथ तीसरे, जबकि कनाडा सात स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य के साथ चौथे स्थान पर चल रहा है. श्रेयसी ने फाइनल में 92 अंक के साथ रजत पदक जीता. स्वर्ण पदक विजेता इंग्लैंड की चार्लोट केरवुड ने 94 शाट सही निशाने मारे. इंग्लैंड की ही रेशेल पारिश 91 अंक के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रही. उन्होंने शूट ऑफ में कनाडा की सिंथिया मायेर को हराया. पहले राउंड में 22 अंक के कारण श्रेयसी तीसरे राउंड के बाद तीसरे स्थान पर चल रही थी. दिल्ली की इस निशानेबाज ने हालांकि अंतिम राउंड में बेहतर प्रदर्शन करते हुए बैरी बुडोन सेंटर में रजत पदक जीत लिया.
वहीं, निशानेबाजी की पुरुष स्पर्द्धा के डबल ट्रैप में असब ने कांस्य पदक जीता. मेरठ के 26 वर्षीय असब ने फाइनल में माल्टा के नाथन शुएरेब को पछाड़ा. असब ने 26 जबकि नाथन ने 24 अंक जुटाये. एक अन्य भारतीय अंकुर मित्तल फाइनल के लिए दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वालीफाई करने के बाद पांचवें स्थान पर रहे.