Neeraj Chopra Injury: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के 2026 सीजन का चोट के कारण अंत हो गया है. ट्रेनिंग के दौरान टखने में लिगामेंट टियर होने के बाद नीरज ने मौजूदा सीजन के बाकी सभी मुकाबलों से हटने का फैसला किया है. इसके साथ ही वह आगामी एशियन गेम्स में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे.
पोस्ट कर दी जानकारी
नीरज ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी चोट की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि डॉक्टरों और अपनी टीम से चर्चा करने के बाद उन्होंने इस सीजन में आगे नहीं खेलने का फैसला किया है. अब उनका पूरा ध्यान चोट से उबरने और पूरी तरह फिट होकर वापसी करने पर है.
Lausanne में फॉर्म में लौटते दिखे थे नीरज
चोट से पहले नीरज चोपड़ा अच्छी लय हासिल करते नजर आ रहे थे. हाल ही में Lausanne Diamond League में उन्होंने 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो किया और दूसरे स्थान पर रहे. नीरज और शीर्ष स्थान हासिल करने वाले श्रीलंका के रुमेश थारंगा पथिरगे के बीच सिर्फ 9 सेंटीमीटर का अंतर रहा. पथिरगे ने 88.14 मीटर का थ्रो कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. Lausanne में 88.05 मीटर का थ्रो नीरज के लिए इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था. इस प्रदर्शन से वह अपनी लय में वापसी करते हुए नजर आए, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद ट्रेनिंग के दौरान लगी चोट ने उनकी मुश्किल बढ़ा दी.
नीरज ने बताया क्यों लिया सीजन से हटने का फैसला
नीरज ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि काफी मेहनत के बाद Lausanne में सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के साथ उन्हें वह लय हासिल होती महसूस हो रही थी, जिसकी वह तलाश कर रहे थे. लेकिन इसके तुरंत बाद ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में लिगामेंट टियर हो गया. डॉक्टरों और अपनी टीम से सलाह के बाद उन्होंने बाकी सीजन से बाहर रहने का फैसला किया. नीरज ने चोट पर निराशा जाहिर की और कहा कि अब उनका पूरा ध्यान अच्छी तरह रिकवर होने और पहले से ज्यादा मजबूत होकर वापसी करने पर है.
ये भी पढ़ें: इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद ETPL में दिख रहे ये 3 इंडियन स्टार प्लेयर्स, 2 ऑलराउंडर तो एक हैं बल्लेबाज
2026 : उम्मीद के मुताबिक नहीं रही शुरुआत
2026 सीजन की शुरुआत नीरज चोपड़ा के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी. Lausanne Diamond League से पहले उन्होंने दो प्रमुख प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था. दोहा डायमंड लीग में नीरज ने 85.69 मीटर का थ्रो किया था और चौथे स्थान पर रहे थे. इसके बाद कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने रजत पदक जीता, लेकिन वहां भी वह 86 मीटर का आंकड़ा पार नहीं कर सके. ऐसे में Lausanne में 88.05 मीटर का थ्रो उनके लिए सकारात्मक प्रदर्शन रहा था. हालांकि, चोट के कारण अब उनका 2026 सीजन समय से पहले खत्म हो गया है.
एशियन गेम्स में भारत को लगा बड़ा झटका
नीरज चोपड़ा का एशियन गेम्स से बाहर होना भारतीय एथलेटिक्स टीम के लिए बड़ा झटका है. वह पिछले कुछ वर्षों में भारत के सबसे सफल एथलीटों में शामिल रहे हैं. नीरज ने Tokyo Olympics 2020 में जैवलिन थ्रो का गोल्ड मेडल जीतकर भारत को एथलेटिक्स में ऐतिहासिक ओलंपिक स्वर्ण दिलाया था. इसके बाद Paris Olympics 2024 में उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था.
ये भी पढ़ें: National Sports Day 2026: PM मोदी ने मेजर ध्यानचंद को किया याद, खिलाड़ियों के जज्बे को बताया गर्व की बात
