MS Dhoni CSK Stake: महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता एक बार फिर चर्चा में है. पिछले कुछ दिनों से खबरें थीं कि धोनी फ्रेंचाइजी में बड़ी हिस्सेदारी खरीदना चाहते हैं. लेकिन CSK ने इन दावों को खारिज कर दिया है. दिलचस्प बात यह है कि इसी सफाई के साथ धोनी से जुड़ा एक ऐसा राज सामने आया है, जो शायद इस पूरी कहानी से भी ज्यादा दिलचस्प है.
धोनी पहले से CSK के हिस्सेदार
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी के पास चेन्नई सुपर किंग्स के एक लाख से ज्यादा शेयर हैं. ये शेयर उन्होंने कुछ समय पहले निजी तरीके से खरीदे थे. धोनी का CSK से रिश्ता सिर्फ मैदान पर कप्तानी करने या टीम का चेहरा बनने तक सीमित नहीं है. उनके पास फ्रेंचाइजी में वास्तविक आर्थिक हिस्सेदारी भी है.
एक लाख शेयर, लेकिन हिस्सेदारी बेहद छोटी
यहां एक बात समझना जरूरी है. एक लाख से ज्यादा शेयर सुनने में बड़ी संख्या लगती है, लेकिन CSK की कुल शेयर पूंजी के मुकाबले धोनी की हिस्सेदारी करीब 0.01 से 0.02 प्रतिशत ही बैठती है. यानी यह इतनी छोटी है कि इससे फ्रेंचाइजी पर मालिकाना नियंत्रण हासिल नहीं होता. रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीनिवासन परिवार के पास 55 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 30 करोड़ से ज्यादा शेयर हैं.
ये भी पढ़ें: VIDEO: जसप्रीत बुमराह के सामने बेबस दिखे 'बॉस बेबी', महज चार गेंदों में वैभव को कर दिया खामोश
धोनी के शेयरों की कीमत कितनी है?
आईपीएल टीमों की मौजूदा वैल्यूएशन को आधार मानें तो धोनी के पास मौजूद शेयरों की अनुमानित कीमत करीब 2.6 से 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है. हालांकि, इसे बाजार में आसानी से खरीदा या बेचा नहीं जा सकता, क्योंकि CSK की कंपनी अनलिस्टेड है और उसके शेयर खुले बाजार में ट्रेड नहीं होते.
फिर 15-20 प्रतिशत हिस्सेदारी की खबर कहां से आई?
पिछले दिनों ऐसी रिपोर्टें सामने आई थीं कि धोनी CSK में अपनी हिस्सेदारी को काफी बढ़ाकर 15 से 20 प्रतिशत तक करना चाहते हैं. अगर ऐसा होता तो उनकी भूमिका सिर्फ पूर्व कप्तान या शेयरधारक की नहीं रहती, बल्कि फ्रेंचाइजी के मालिकाना ढांचे में भी उनका वजन काफी बढ़ जाता. लेकिन CSK के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस दावे को साफ तौर पर खारिज किया है. अधिकारी के मुताबिक, धोनी ने फ्रेंचाइजी से कभी हिस्सेदारी खरीदने के बारे में बात नहीं की और न ही ऐसी किसी बातचीत की जानकारी है.
2027 में धोनी की भूमिका क्या होगी?
2027 से पहले सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह आईपीएल 2027 में खिलाड़ी के तौर पर लौटेंगे या नहीं और अगर लौटते हैं तो टीम में उनकी भूमिका क्या होगी. क्या वो इस बार बतोर मेंटोर और खिलाड़ी खेलेंगे या फिर आईपीएल से पहले संन्यास का ऐलान कर देंगे.
ये भी पढ़ें: जब हार मानकर सो गई थी टीम इंडिया, जागी तो पाकिस्तान को कर दिया ढेर; बचाया था वनडे का सबसे छोटा स्कोर
