Matthew Hayden on Shubman Gill: भारतीय टीम की टेस्ट क्रिकेट में मौजूदा स्थिति भले ही चिंता बढ़ाने वाली हो, लेकिन पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैथ्यू हेडन को कप्तान शुभमन गिल पर पूरा भरोसा है. हेडन ने गिल को शानदार युवा खिलाड़ी और अच्छा लीडर बताते हुए कहा कि उनके सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन वह इनसे निपटने में सक्षम हैं. साथ ही हेडन ने भारत के मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अभियान को लेकर भी अपनी राय रखी है.
गिल की कप्तानी पर हेडन को भरोसा
मैथ्यू हेडन ने एएनआई से बातचीत में कहा कि भारतीय क्रिकेट के पास शुभमन गिल के रूप में एक शानदार कप्तान है. उन्होंने कहा कि गिल के सामने कई चुनौतियां हैं और इनमें सबसे बड़ी चुनौती टेस्ट क्रिकेट को मजबूत बनाए रखना है.
हेडन ने कहा, 'शुभमन एक शानदार युवा हैं और अच्छे लीडर हैं. उनके पास एक अच्छी टीम भी है, जिसमें युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण है.' उन्होंने उम्मीद जताई कि गिल भारत को टेस्ट क्रिकेट में आगे ले जाने की चुनौती के लिए तैयार हैं.
WTC में भारत की स्थिति क्यों चिंता बढ़ा रही?
भारत का WTC 2025-27 चक्र अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. टीम ने नौ मुकाबलों में चार जीत, चार हार और एक ड्रॉ के साथ 50 प्रतिशत से भी कम जीत प्रतिशत दर्ज किया है. भारतीय टीम फिलहाल WTC अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है. हेडन ने माना कि भारत को टेस्ट क्रिकेट में अभी काफी काम करने की जरूरत है. हालांकि, उनका मानना है कि सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत की स्थिति काफी मजबूत है. उन्होंने कहा कि वनडे और टी20 में भारतीय टीम के पास जीत की लय बरकरार रखने की बेहतर क्षमता है.
Also Read: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर को अब मिली पुर्तगाल टीम की कमान, IPL में भी मचा चुके हैं धमाल
गिल को करीब से देख चुके हैं हेडन
हेडन ने आईपीएल 2026 के दौरान गिल की कप्तानी को करीब से देखा है. वह गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजी कोच थे और गिल की कप्तानी में टीम फाइनल तक पहुंची थी. हालांकि, फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात को हराकर खिताब अपने नाम किया. हेडन ने मौजूदा भारतीय टीम की तुलना पुराने दौर की स्टार टीमों से करते हुए कहा कि अच्छे क्रिकेटर हर दौर में होते हैं. उनके मुताबिक, भारत के पास इस समय युवा खिलाड़ियों की शानदार फौज है, जिन्हें तीनों फॉर्मेट में खुद को साबित करना है.
WTC फाइनल के लिए करनी होगी मेहनत
भारत का अगला बड़ा लक्ष्य WTC चक्र में पर्याप्त जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल करना होगा. फाइनल अगले साल जून में इंग्लैंड के द ओवल में खेला जाना है. ऐसे में गिल और उनकी टीम के सामने आने वाले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने की चुनौती होगी.
Also Read: 4 मैच में 4 अर्धशतक...सासंद के बेटे ने DPL में मचाया धमाल, 173 के स्ट्राइक रेट से ठोके 281 रन
