ग्लासगो के रेस्टोरेंट में भारत के नक्शे पर उठा विवाद, लवलीना बोरगोहेन ने जताई आपत्ति

ग्लासगो के एक भारतीय रेस्तरां में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय मुक्केबाजी दल के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज के दौरान विवाद खड़ा हो गया. रेस्तरां में प्रदर्शित भारत के नक्शे में पूर्वोत्तर क्षेत्र को गायब दिखाया गया था, जिससे ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोर्गोहैन और भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (BFI) के अध्यक्ष अजय सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई.

Lovlina Borgohain : भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाली भारतीय मुक्केबाजी टीम का जश्न उस समय विवाद में बदल गया, जब स्कॉटलैंड के ग्लासगो स्थित एक प्रसिद्ध भारतीय रेस्तरां में भारत का गलत नक्शा देखने को मिला. ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और असम की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि भारत के नक्शे से पूर्वोत्तर (नॉर्थ ईस्ट) को गायब दिखाना बेहद दुखद है.

पेपर नैपकिन से उठा विवाद

यह घटना 2 अगस्त को मिस्टर सिंह इंडिया — द होम ऑफ करी रेस्तरां में हुई, जहां कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय मुक्केबाजी दल के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित किया गया था. इसी दौरान लवलीना की नजर पेपर नैपकिन और रेस्तरां के बाहर प्रदर्शित भारत के नक्शे पर पड़ी, जिसमें पूरा पूर्वोत्तर भारत शामिल नहीं था.

अगली बार ध्यान रखें

आईएएनएस से बातचीत में लवलीना ने कहा कि वह इस नक्शे को देखकर काफी आहत हुईं. उन्होंने कहा, 'कृपया मेरी बात का गलत मतलब मत निकालिए. मुझे यह देखकर थोड़ा दुख हुआ कि भारत के नक्शे में हमारा नॉर्थ ईस्ट ही नहीं है. बाहर लगे नक्शे में भी यही गलती है. मैं नॉर्थ ईस्ट से आती हूं, इसलिए यह हमें बहुत तकलीफ देता है. अगली बार कृपया इसका ध्यान रखें.'

बीएफआई अध्यक्ष ने भी जताई आपत्ति

लवलीना की बात का समर्थन करते हुए भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (BFI) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी रेस्तरां में प्रदर्शित नक्शे पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि नक्शे में केवल पूर्वोत्तर ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर का भी सही चित्रण नहीं किया गया है. अजय सिंह ने रेस्तरां प्रबंधन से अपील की कि गलत नक्शे वाले नैपकिन और अन्य सामग्री को तत्काल हटाया जाए तथा उनकी जगह भारत की सही भौगोलिक सीमाओं वाला नक्शा लगाया जाए.

रेस्तरां की ओर से नहीं आया कोई बयान

ग्लासगो का यह रेस्तरां पिछले तीन दशकों से अधिक समय से भारतीय भोजन के लिए प्रसिद्ध माना जाता है और कई अंतरराष्ट्रीय खेल टीमों व गणमान्य लोगों की मेजबानी कर चुका है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक रेस्तरां प्रबंधन की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी.

बॉक्सिंग अभियान के बीच उठा विवाद

यह विवाद ऐसे समय सामने आया जब भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मुक्केबाजी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. भारतीय मुक्केबाजों ने रिकॉर्ड सात स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. भारत के लिए प्रीति पवार, जैसमीन लाम्बोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने स्वर्ण पदक जीते. वहीं लवलीना बोरगोहेन, जादुमणि सिंह और नरेंद्र ने रजत पदक अपने नाम किए. महिलाओं के 70 किग्रा वर्ग के फाइनल में लवलीना को ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री के खिलाफ 4-1 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा.

Also Read: बेटे के साथ फिटनेस फ्लॉन्ट करते दिखे क्रिस्टियानो रोनाल्डो, सोशल मीडिया पोस्ट हुई वायरल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >