Kuldeep Yadav Bowling Video: भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट के दौरान अपनी फिरकी का ऐसा जादू दिखाया कि क्रिकेट फैंस को शेन वॉर्न की याद आ गई. एसेक्स के खिलाफ हेडिंग्ले में खेले गए मुकाबले में कुलदीप ने एक ऐसी गेंद डाली, जिसे बल्लेबाज पढ़ ही नहीं पाया. गेंद ऑफ स्टंप के बाहर पड़ी और देखते ही देखते अंदर की ओर घूमते हुए स्टंप्स में जा लगी. कुलदीप यादव की बॉलिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
कुलदीप की जादुई गेंद ने बल्लेबाज को किया हैरान
जिस गेंद की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह एसेक्स के बल्लेबाज टॉम वेस्टली के खिलाफ आई. गेंद ऑफ स्टंप से बाहर की लाइन पर पड़ी. बल्लेबाज को लगा कि गेंद बाहर निकल जाएगी और उसने उसे छोड़ने का फैसला किया. लेकिन गेंद ने हवा में ड्रिफ्ट करते हुए अपना रास्ता बदला. पिच पर पड़ने के बाद उसमें तेजी भी रही और वह अंदर की ओर घूम गई. गेंद इतनी तेजी से अंदर आई कि बल्लेबाज के पास अपना शॉट बदलने या बल्ला नीचे लाने का समय नहीं था. गेंद बल्ले और पैड के बीच से निकल गई और स्टंप्स से जा टकराई और गिल्लियां उखर गई.
शेन वॉर्न की आई याद
कुलदीप की इस गेंद को देखकर शेन वॉर्न की 2005 की मशहूर गेंद की याद आना स्वाभाविक है. वॉर्न ने एजबेस्टन टेस्ट में शेन वॉर्न की घुमावदार गेंद ने एंड्रयू स्ट्रॉस को हैरान कर दिया था. उन्होंने ऐसी गेंद डाली थी कि बल्लेबाज क्रीज पर खड़ा ही रह गया और बॉल स्टंप से टकरा गई. कुलदीप और वॉर्न की गेंदों में समानता इतनी थी कि बल्लेबाज गेंद की शुरुआती दिशा को देखकर उसे छोड़ने के लिए तैयार था, लेकिन गेंद ने पिच पर पड़ने के बाद उसकी उम्मीद के बिल्कुल उलट काम किया. यही वजह है कि कुलदीप की इस गेंद ने सोशल मीडिया और क्रिकेट फैंस का ध्यान खींचा.
पहली पारी में चार, दूसरी में छह विकेट
एसेक्स के खिलाफ मुकाबला कुलदीप के लिए गेंद से शानदार रहा. उन्होंने पहली पारी में 70 रन देकर चार विकेट लिए. इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने सिर्फ 50 रन देकर छह विकेट चटकाए. कुलदीप के 10 विकेटों ने यॉर्कशायर की जीत में अहम भूमिका निभाई. एसेक्स पहली पारी में 171 रन पर ऑलआउट हुआ और फॉलोऑन खेलने के बाद दूसरी पारी में 113 रन पर सिमट गया. यॉर्कशायर ने मुकाबला एक पारी और 106 रन से अपने नाम किया. कुलदीप ने गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी योगदान दिया. उन्होंने 94 गेंदों पर 36 रन बनाए. यॉर्कशायर ने अपनी पहली पारी में 390 रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें: BBL 2026-27: फिन एलन से बेन स्टोक्स तक, कौन किस टीम का होगा हिस्सा; देखें स्टार प्लेयर्स की पूरी लिस्ट
कुलदीप ने टीम इंडिया के लिए ठोका दावा
काउंटी क्रिकेट में कुलदीप का यह प्रदर्शन ऐसे समय आया है, जब टेस्ट क्रिकेट में उनकी भूमिका को लेकर चर्चा जारी है. श्रीलंका के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में उन्होंने 25 ओवर गेंदबाजी की और एक विकेट लिया था.
कोलंबो में खेले गए दूसरे टेस्ट में कुलदीप भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे. कप्तान शुभमन गिल ने टॉस के समय बताया था कि कुलदीप संक्रमण के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे. उनकी जगह सरांश जैन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला.अब काउंटी क्रिकेट में 10 विकेट लेकर कुलदीप ने अपनी फॉर्म और क्षमता का मजबूत सबूत पेश किया है. उनका 10/120 प्रदर्शन फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ मैच प्रदर्शन बन गया है.
ये भी पढ़ें: Rohit Sharma: ‘कोई शहरी बाबू’ गाने पर फिर थिरके रोहित, श्रेयस और शार्दुल ठाकुर, आइकॉनिक डांस का VIDEO वायरल
