KKR के लिए 'डू ऑर डाई' मुकाबला, गिल की नजरें टॉप-2 पर

KKR: आईपीएल 2026 का 60वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है. यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा.

KKR:आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए केकेआर को गुजरात को हर हाल में हराना होगा. यह मुकाबला केकेआर के लिए ‘करो या मरो’ जैसा है. वहीं, शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात की टीम इस जीत के साथ टॉप 2 में जगह बनाना चाहेगी, साथ ही वह प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन जाएगी.

दोनों टीमें आमने-सामने

हालांकि, दोनों टीमों के बीच अब तक 5 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें गुजरात ने 4 और केकेआर ने केवल एक मैच जीता है. पिछले सीजन में खेले गए मुकाबले में भी गुजरात ने ही बाजी मारी थी. वहीं, इस सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार एक-दूसरे का आमना-सामना करेंगी; इससे पहले अहमदाबाद में हुआ मैच भी गुजरात ने ही जीता था. 

केकेआर के लिए डू और डाई मुकाबला

केकेआर की स्थिति भी इस सीजन कुछ खास नहीं रही है. आईपीएल 2026 में केकेआर को अपनी पहली जीत के लिए 7 मैचों का लंबा इंतजार करना पड़ा. इस सीजन टीम की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी कप्तानी रही है, जो लगातार चर्चा में भी रही. टीम सिलेक्शन और बैटिंग ऑर्डर सही तरीके से सेट न होने के कारण टीम पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आई. केकेआर को अभी तीन मैच और खेलने हैं, और अगर टीम ये तीनों मैच जीत भी जाती है, तो भी उसे प्लेऑफ के लिए बाकी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा . 

गुजरात शानदार फॉर्म में

गुजरात टाइटंस इस साल सबसे मजबूत और संतुलित नजर आ रही है. यह टीम लगातार 5 मुकाबले जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है. इस टीम की सफलता का सबसे बड़ा कारण इसका बॉलिंग अटैक है. तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा 21 विकेटों के साथ टीम के टॉप विकेट टेकर हैं. इसके साथ ही टीम के सलामी बल्लेबाज भी बेहतरीन लय में हैं. वह इस सीजन में अब तक 500 रनों का आंकड़ा पार कर चुके हैं, और उनसे आगे सिर्फ हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन हैं, जो उनसे महज 7 रन आगे हैं. 

मैदान स्पिनर्स के लिए मददगार

इस मैदान की पिच इस सीजन में स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मददगार साबित हुई है. लेकिन बल्लेबाजों को भी यहाँ रन बनाने में ज्यादा परेशानी नहीं होती. अच्छी बाउंस और तेज आउटफील्ड के कारण मैचों में चौके-छक्कों की भरमार देखने को मिलती है. शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाज असर डाल सकते हैं, जबकि बीच के ओवरों में स्पिनर्स अहम भूमिका निभाते हैं. इस मैदान पर अब तक 104 आईपीएल मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें से 43 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने और 59 मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने जीते हैं. 

मौसम का हाल

कोलकाता में आज मौसम गर्म और उमस से भरा रह सकता है. दिन के समय तेज धूप रहने की संभावना है, जबकि शाम के दौरान हल्की बारिश की संभावना हैं,लेकिन इससे मैच पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ने वाला है. तापमान करीब 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. 

दोनों टीमों की प्लेइंग-12

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.

कोलकाता: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा, मनीष पांडे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >