Women's The Hundred 2026 Final: ट्रेंट रॉकेट्स ने काव्या मारन की टीम सनराइजर्स लीड्स को 8 विकेट से हराकर विमेंस द हंड्रेड 2026 का खिताब जीत लिया. लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए फाइनल में ट्रेंट रॉकेट्स ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. एशले गार्डनर की कप्तानी वाली टीम ने मुकाबले को एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया.
91 रन पर ढेर हुई सनराइजर्स
टॉस जीतकर ट्रेंट रॉकेट्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स लीड्स की टीम 91 गेंदों में सिर्फ 91 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. एनाबेल सरदलैंड ने 23 गेंदों पर 25 रन बनाए और टीम की सबसे बड़ी स्कोरर रहीं. उनकी पारी में 2 चौके और 1 छक्का शामिल था. सनराइजर्स की सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीं. ट्रेंट रॉकेट्स की ओर से किम गार्थ, सामंथा बेट्स, चार्ली फिलिप्स और जॉर्जिया एडम्स ने 2-2 विकेट चटकाए. वहीं कप्तान एशले गार्डनर को भी एक विकेट मिला.
इसे भी पढ़े- 8 अक्टूबर नहीं... अब 2 अक्टूबर से शुरू हो सकता है वर्ल्ड कप, जानें ICC का पूरा प्लान
डंकले-मूनी ने कर दिया काम आसान
92 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रेंट रॉकेट्स ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. टीम ने महज 54 गेंदों में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. सोफिया डंकले ने 23 गेंदों पर 41 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए. वहीं बेथ मूनी ने नाबाद 31 रन बनाए. दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 40 गेंदों में 69 रन जोड़कर टीम की जीत लगभग तय कर दी. इसके बाद रॉकेट्स ने आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया.
ट्रेंट रॉकेट्स पर हुई पैसों की बारिश
खिताब जीतने के साथ ट्रेंट रॉकेट्स को बड़ी इनामी राशि भी मिलने वाली है. रिपोर्ट्स के मुताबिक विजेता टीम को करीब 1.65 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिल सकती है. पिछले सीजन भी इतनी ही रकम दिए जाने की बात सामने आई थी. हालांकि, द हंड्रेड की ओर से इस इनामी राशि को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है.
इसे भी पढ़े- संजीव गोयनका की टीम का कमाल, पहली बार जीता द हंड्रेड का खिताब
