हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण जेमिमा एशिया कप और एशियन गेम्स से बाहर, प्रतिका रावल को टीम में किया गया शामिल

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट के कारण एशिया कप और एशियन गेम्स दोनों से बाहर हो गई हैं. उनकी जगह प्रतिका रावल को टीम में शामिल किया गया है.

Jemimah Rodrigues ruled out: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को एशिया कप और एशियन गेम्स से पहले बड़ा झटका लगा है. स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट के कारण दोनों बड़े टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की. जेमिमा को 3 अगस्त को इंग्लैंड में द हंड्रेड के दौरान सदर्न ब्रेव की ओर से खेलते हुए चोट लगी थी.

मेडिकल जांच में सामने आई गंभीर चोट

जेमिमा की चोट का बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मेडिकल टीम ने आकलन किया. जांच में उनकी दाहिनी हैमस्ट्रिंग में हाई-ग्रेड टियर की पुष्टि हुई. इसके बाद उन्हें आगामी महिला एशिया कप और एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया. जेमिमा हाल ही में भारत की टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा रही थीं और आगामी दोनों टूर्नामेंट में टीम की अहम बल्लेबाज मानी जा रही थीं. ऐसे में उनका बाहर होना भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका है.

प्रतिका रावल को मिला मौका

जेमिमा की जगह प्रतिका रावल को एशिया कप की टीम में शामिल किया गया है. प्रतिका के आने से भारतीय टीम के शीर्ष क्रम को एक अतिरिक्त बल्लेबाजी विकल्प मिलेगा. हालांकि, उन्होंने अभी तक भारत के लिए कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है. उनके नाम एक टेस्ट और 27 वनडे हैं. प्रतिका इससे पहले चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ हालिया टेस्ट से बाहर हुई थीं. भारत ए की ओर से खेलते हुए फील्डिंग के दौरान उनके घुटने में चोट लगी थी और उन्हें टांके भी लगे थे.

द हंड्रेड में ऐसा रहा जेमिमा का प्रदर्शन

चोटिल होने से पहले जेमिमा द हंड्रेड में सदर्न ब्रेव के लिए खेल रही थीं. उन्होंने छह पारियों में 143 रन बनाए. इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 42 रन रहा. उनका बल्लेबाजी औसत 35.75 और स्ट्राइक रेट 131.19 रहा.

Also Read: पहाड़ों के बीच योग मुद्रा में बैठे दिखे अभिषेक शर्मा और युवराज सिंह, गुरु-शिष्य की जोड़ी को फैंस कर रहे पंसद

28 अगस्त से शुरू होगा एशिया कप

महिला एशिया कप का आयोजन 28 अगस्त से यूएई में होगा. भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी. इसके बाद 3 सितंबर को हांगकांग और 5 सितंबर को पाकिस्तान से मुकाबला होगा. भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग एक ही ग्रुप में हैं. दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 13 सितंबर को खेला जाएगा.

एशिया कप के लिए भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़ और प्रतिका रावल.

Also Read: गॉल टेस्ट से पहले गिल ने टीम की तैयारियों पर दिया अपडेट, नंबर-8 के लिए इस खिलाड़ी पर जताया भरोसा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >