जसप्रीत बुमराह को सिर्फ टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए, जानिए पूर्व क्रिकेटर ने क्यों दी ऐसी सलाह

Karsan Ghavri on Jasprit Bumrah: जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर पूर्व क्रिकेटर करसन घावरी ने चिंता जताई है. जानिए उन्होंने क्या खास सलाह दी है.

Karsan Ghavri on Jasprit Bumrah: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. चोट के कारण लगातार टीम से बाहर चल रहे बुमराह को लेकर पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज करसन घावरी ने बड़ा सुझाव दिया है. घावरी का मानना है कि बुमराह को क्रिकेट से लंबा ब्रेक लेकर अपनी फिटनेस पर काम करना चाहिए. दो वर्ल्ड कप खेल चुके करसन घावरी ने कहा कि बुमराह को कम से कम 6 महीने या फिर एक साल तक क्रिकेट से दूर रहकर पूरी तरह फिट होना चाहिए. उनके मुताबिक, आधी फिटनेस के साथ मैदान पर उतरना किसी तेज गेंदबाज के लिए नुकसानदायक हो सकता है.

आईपीएल 2026 के बाद सिर्फ दो मैच खेल पाए बुमराह

जसप्रीत बुमराह आईपीएल 2026 के बाद अब तक सिर्फ दो मुकाबले ही खेल पाए हैं. इसके बाद वह इंग्लैंड में वनडे सीरीज के आखिरी मैच में भी मैदान पर नहीं उतरे. वहीं, घुटने की चोट के चलते उन्हें श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से भी बाहर होना पड़ा. बुमराह की लगातार चोटों ने भारतीय टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है. वर्ल्ड कप 2023 के बाद से भी उनकी उपलब्धता सीमित रही है.

‘बुमराह को पूरी तरह फिट होकर ही वापसी करनी चाहिए’

करसन घावरी ने ‘मिड-डे’ से बातचीत में कहा कि चयनकर्ताओं को बुमराह को जल्दबाजी में किसी सीरीज या टूर्नामेंट के लिए टीम में शामिल नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा,

“बुमराह को पांच से छह महीने या एक साल का ब्रेक लेना चाहिए और 100 प्रतिशत फिटनेस हासिल करनी चाहिए. समस्या यह है कि वह आधी-अधूरी फिटनेस के साथ टूर्नामेंट में चले जाते हैं और फिर वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से बीच में ही बाहर होना पड़ता है.” घावरी ने आगे कहा कि अगर बुमराह पूरे टूर्नामेंट में अपना वर्कलोड संभालने की स्थिति में हों, तभी उन्हें टीम में शामिल किया जाना चाहिए.

‘बुमराह को तीनों फॉर्मेट में खिलाना मुश्किल’

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने बुमराह को तीनों फॉर्मेट में खिलाने की रणनीति पर भी सवाल उठाए. उनका मानना है कि बुमराह का करियर लंबा बनाए रखने के लिए उन्हें सीमित क्रिकेट खेलना चाहिए. घावरी ने कहा,

“मुझे नहीं लगता कि बुमराह सभी फॉर्मेट में खेल पाएंगे. टीम मैनेजमेंट को उन्हें सिर्फ टेस्ट क्रिकेट में खिलाने पर विचार करना चाहिए, क्योंकि यह एक अहम फॉर्मेट है.” उन्होंने कहा कि बुमराह भले ही आईपीएल, टी20 और वनडे क्रिकेट खेलना चाहते हों, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उनके शरीर पर इतना भार डालना सही नहीं होगा.

इसे भी पढ़े- वेस्टइंडीज पर वर्ल्ड कप 2027 से बाहर होने का खतरा, टॉप-8 में जगह बनाने की चुनौती

शमी और भुवनेश्वर की वापसी की मांग

करसन घावरी ने भारतीय टीम में मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार की वापसी की भी वकालत की है. उन्होंने कहा कि दोनों तेज गेंदबाज आईपीएल में लगातार खेल रहे हैं और फिट नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा,

“शमी और भुवी आईपीएल में बिना किसी चोट के लगातार खेल रहे हैं. उन्हें नेशनल टीम में वापस आना चाहिए. चयनकर्ताओं को उनके बारे में सोचना चाहिए.” घावरी के मुताबिक, अनुभवी गेंदबाजों की वापसी से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी और बुमराह पर दबाव भी कम होगा.

सिराज को मिले सीनियर गेंदबाजों का साथ

घावरी ने कहा कि मोहम्मद सिराज को मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाजों का समर्थन मिलना चाहिए. इससे टीम को अलग-अलग फॉर्मेट के लिए बेहतर विकल्प मिल सकते हैं. उन्होंने सुझाव दिया कि

भुवनेश्वर कुमार को टी20 क्रिकेट में इस्तेमाल किया जा सकता है, क्योंकि उन्होंने आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया है. वहीं, टेस्ट क्रिकेट में शमी और सिराज को रोटेशन के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है.

बुमराह की फिटनेस पर टिकी टीम इंडिया की नजर

जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम के सबसे अहम तेज गेंदबाजों में शामिल हैं. उनकी सटीक यॉर्कर, नई गेंद से प्रभाव और डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी उन्हें खास बनाती है. हालांकि, पिछले कुछ समय से चोटों के कारण उनकी उपलब्धता टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. करसन घावरी की सलाह के बाद यह बहस तेज हो गई है कि क्या बुमराह को लंबे समय तक फिट रखने के लिए उनके वर्कलोड और फॉर्मेट को लेकर नई रणनीति अपनानी चाहिए.

इसे भी पढ़े- Cristiano Ronaldo Wedding: क्या 8 अगस्त को जॉर्जिना रोड्रिगेज संग शादी करेंगे रोनाल्डो? रिपोर्ट्स से बढ़ी हलचल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >