ISSF World Cup 2026: चीन के हांगझोऊ में जारी ISSF विश्व कप में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. महिला 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में ईशा सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई, जबकि अनुभवी निशानेबाज मनु भाकर ने कांस्य पदक अपने नाम किया. दोनों खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से भारत की कुल पदक संख्या तीन हो गई है और टीम पदक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है.
ईशा सिंह ने फाइनल में दिखाया दम
21 वर्षीय ईशा सिंह ने फाइनल में शुरुआत से ही शानदार लय बनाए रखी. उन्होंने पूरे मुकाबले में सटीक निशाने लगाए और 50 में से 40 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. विश्व रिकॉर्ड धारक ईशा ने मेजबान चीन की यूयू झांग को तीन अंकों से पीछे छोड़ दिया. झांग ने 37 अंकों के साथ रजत पदक जीता. म्यूनिख विश्व कप में विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली ईशा ने इस जीत के साथ अपने शानदार सीजन में एक और बड़ा अंतरराष्ट्रीय खिताब जोड़ लिया.
मनु भाकर ने रोमांचक शूटऑफ में जीता ब्रॉन्ज
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने भी शानदार वापसी करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया. तीसरे स्थान के मुकाबले में उनका सामना उत्तर कोरिया की ह्योन ग्योंग पाक से हुआ. दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसके बाद मुकाबले का फैसला डबल शूटऑफ से हुआ. मनु ने दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 28 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया. इसके साथ ही महिला 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत ने दो पदक हासिल किए.
भारत के खाते में तीन पदक
ईशा सिंह के स्वर्ण और मनु भाकर के कांस्य पदक के बाद हांगझोऊ विश्व कप में भारत के कुल पदकों की संख्या तीन हो गई है. इससे पहले भारतीय निशानेबाज सैन्यम ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला था. भारतीय निशानेबाजों के लगातार अच्छे प्रदर्शन ने आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से पहले टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ाया है.
पदक तालिका में दूसरे स्थान पर भारत
भारत अब एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित तीन पदकों के साथ पदक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है. मेजबान चीन छह स्वर्ण सहित कुल 14 पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है. भारतीय निशानेबाजों की यह शानदार शुरुआत आने वाले मुकाबलों में भी पदकों की उम्मीद को और मजबूत करती है. वहीं इस उपलब्धि पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ISSF वर्ल्ड कप 2026 में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में ईशा सिंह के स्वर्ण और मनु भाकर के कांस्य पदक पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन भारत की शूटिंग में बढ़ती ताकत और खेल प्रतिभा को दर्शाता है.
Also Read: 2026 कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप शुरू, भारत को मिलेगी ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड से टक्कर
