Irfan Pathan on Raksha Bandhan 2026: पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने रक्षाबंधन के मौके पर भाई-बहन के रिश्ते को लेकर एक भावुक पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने इस त्योहार को अपना पसंदीदा बताते हुए भाई-बहन के बीच के रिश्ते को बेहद खास और अटूट बताया. सोशल मीडिया पर उनका यह पोस्ट तेजी से चर्चा में है.
'सबसे खूबसूरत त्योहारों में से एक'
इरफान पठान ने अपने पोस्ट में लिखा कि रक्षाबंधन उनके पसंदीदा त्योहारों में से एक है, क्योंकि यह भाई और बहन के उस रिश्ते का जश्न मनाता है, जिसकी कोई जगह नहीं ले सकता.
उन्होंने लिखा, “रक्षाबंधन हमेशा से मेरा पसंदीदा और सबसे खूबसूरत त्योहारों में से एक रहा है, क्योंकि यह एक ऐसे रिश्ते का जश्न मनाता है जो वास्तव में अपूरणीय है- भाई और बहन का रिश्ता.”
प्यार, हंसी और नोकझोंक से भरा रिश्ता
पठान ने भाई-बहन के रिश्ते की खूबसूरती बताते हुए कहा कि इसमें प्यार के साथ अनगिनत यादें, हंसी-मजाक, लड़ाई, छेड़छाड़ और एक-दूसरे का साथ शामिल होता है. उन्होंने आगे लिखा, “यह एक ऐसा रिश्ता है जो प्यार, अनगिनत यादों, हंसी, लड़ाई, छेड़छाड़ और समर्थन से भरा है और सबसे बढ़कर, हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहने का वादा है.”
पूर्व ऑलराउंडर ने सभी भाई-बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह खूबसूरत रिश्ता हमेशा मजबूत, खुशहाल और अटूट बना रहे.
क्रिकेट में भी बना चुके हैं खास पहचान
इरफान पठान का क्रिकेट करियर भी शानदार रहा है. बड़ौदा में जन्मे पठान ने कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा और भारत के प्रमुख बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में अपनी जगह बनाई. उन्होंने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल 173 मैच खेले और 2,821 रन बनाने के साथ 301 विकेट अपने नाम किए.
ये भी पढ़ें: Women's Asia Cup 2026: भारत-पाकिस्तान समेत 8 टीमें तैयार, देखें पूरा स्क्वॉड, शेड्यूल और A टू Z डिटेल्स
पाकिस्तान के खिलाफ रचा था इतिहास
इरफान के करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन 2006 के कराची टेस्ट में आया था. पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में उन्होंने टेस्ट मैच के शुरुआती ओवर में ही हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया था. उन्होंने लगातार गेंदों पर सलमान बट, यूनिस खान और मोहम्मद यूसुफ को आउट किया था. वह टेस्ट इतिहास में मैच के पहले ओवर में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने थे.
2007 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भी चमके
इरफान पठान भारत की 2007 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे. पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके थे. उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था. 2020 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के बाद पठान कमेंट्री और क्रिकेट विश्लेषण से जुड़े हुए हैं.
ये भी पढ़ें: Harmanpreet Kaur handshake: भारत-पाक मैच में हैंडशेक होगा या नहीं? हरमनप्रीत कौर ने बढ़ाया सस्पेंस
