IPL 2027: दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव की तैयारी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रेंचाइजी अगले सीजन के लिए नया कोचिंग सेटअप तैयार कर रही है. भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली हेड कोच की भूमिका संभाल सकते हैं. श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज चमिंडा वास और पूर्व भारतीय लेग स्पिनर अमित मिश्रा भी नए स्टाफ का हिस्सा बन सकते हैं. हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक नए कोचिंग स्टाफ की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. इसलिए इन नियुक्तियों को फिलहाल रिपोर्ट्स के तौर पर ही देखा जा रहा है.
गांगुली संभाल सकते हैं हेड कोच की जिम्मेदारी
दिल्ली कैपिटल्स के संभावित नए सेटअप में सबसे बड़ा नाम सौरव गांगुली का है. espncricinfo रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के पूर्व कप्तान को टीम का हेड कोच बनाया जा सकता है. गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स से पुराना रिश्ता भी रहा है. वह पहले फ्रेंचाइजी के क्रिकेट डायरेक्टर और मेंटर की भूमिका निभा चुके हैं. गांगुली के पास भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी के अलावा टीम मैनेजमेंट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट का भी अनुभव है. ऐसे में उनकी वापसी दिल्ली कैपिटल्स के लिए कोचिंग सेटअप में बड़ा बदलाव साबित हो सकती है.
युवराज सिंह की भी हो सकती है एंट्री
दिल्ली कैपिटल्स के नए सेटअप में युवराज सिंह का नाम भी चर्चा में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के पूर्व ऑलराउंडर को कोचिंग की अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है. हालांकि, उनकी सटीक भूमिका को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स में हेडिंग अलग है. कुछ रिपोर्ट्स उन्हें असिस्टेंट कोच बता रही हैं, जबकि कुछ में बैटिंग कोच की भूमिका का जिक्र है.
युवराज का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और IPL का लंबा अनुभव टीम के युवा बल्लेबाजों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है. खासकर टी20 क्रिकेट में बड़े मैचों के दबाव और आक्रामक बल्लेबाजी को लेकर उनका अनुभव दिल्ली के खिलाड़ियों के काम आ सकता है.
चमिंडा वास संभाल सकते हैं गेंदबाजी की जिम्मेदारी
श्रीलंका के महान तेज गेंदबाजों में शामिल चमिंडा वास भी दिल्ली कैपिटल्स के नए सेटअप का हिस्सा बन सकते हैं. ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, वास को टीम का गेंदबाजी कोच बनाए जाने की तैयारी है. वास ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड बनाया है. उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 355 और वनडे में 400 विकेट हैं. वह IPL के शुरुआती तीन सीजन में डेक्कन चार्जर्स के लिए भी खेल चुके हैं.
बतौर कोच वास के पास अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी क्रिकेट का अनुभव है. वह श्रीलंका की टीम के साथ अलग-अलग दौर में काम कर चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट में फास्ट-बॉलिंग कंसल्टेंट और अकादमी में मेंटर की भूमिका भी निभाई है. फ्रेंचाइजी क्रिकेट में वह 2024 जिम एफ्रो टी10 लीग में NYS Lagos और 2026 लंका प्रीमियर लीग में कैंडी रॉयल्स के साथ काम कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket League: आखिर कौन है दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग? कितने नंबर पर है IPL, देखें टॉप-10 की लिस्ट
अमित मिश्रा भी बन सकते हैं कोचिंग स्टाफ का हिस्सा
पूर्व भारतीय लेग स्पिनर अमित मिश्रा भी दिल्ली कैपिटल्स के नए कोचिंग सेटअप में नजर आ सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें स्पिन गेंदबाजी से जुड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है. यह उनके IPL करियर के बाद कोचिंग में एक नई शुरुआत होगी.
अमित मिश्रा ने IPL में दिल्ली डेयरडेविल्स, डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रतिनिधित्व किया है. उन्होंने टूर्नामेंट में 162 मैचों में 174 विकेट लिए हैं. उनके नाम IPL में सबसे ज्यादा हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड भी है. मिश्रा ने टूर्नामेंट में तीन बार हैट्रिक ली है. उन्होंने 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अपना आखिरी IPL मैच खेला था और पिछले साल पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लिया था.
दो साल के चक्र में बदलता है दिल्ली का मैनेजमेंट
दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में बदलाव के पीछे फ्रेंचाइजी के मालिकाना ढांचे से जुड़ा दो साल का रोटेशन भी अहम है. टीम के सह-मालिक GMR Sports और JSW Sports के बीच हुए समझौते के तहत फ्रेंचाइजी का संचालन दो-दो साल के चक्र में बदलता है.2025 और 2026 सीजन में GMR के कार्यकाल के दौरान वेणुगोपाल राव क्रिकेट डायरेक्टर, हेमंग बदानी हेड कोच और मुनाफ पटेल गेंदबाजी कोच की भूमिका में थे. अब अगले दो साल के लिए टीम के क्रिकेटिंग सेटअप में बदलाव की तैयारी है.
