क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने गुरुवार (6 अगस्त) को भारतीय महिला टीम के दिसंबर में होने वाले साउथ अफ्रीका दौरे का अपडेटेड शेड्यूल जारी कर दिया है। नए कार्यक्रम के अनुसार अब इस दौरे में तीन वनडे और एकमात्र टेस्ट के अलावा तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले जाएंगे. CSA ने यह बदलाव अगले साल फरवरी में श्रीलंका में होने वाली ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए किया है.
अब 9 से 12 दिसंबर तक खेला जाएगा टेस्ट मैच
पहले भारतीय टीम को 9 दिसंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी थी, जिसके बाद 20 दिसंबर से गकेबेरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में एकमात्र टेस्ट खेला जाना था. हालांकि नए शेड्यूल के तहत अब दौरे की शुरुआत 9 से 12 दिसंबर तक गकेबेरहा में होने वाले एकमात्र टेस्ट से होगी.
टेस्ट के बाद वनडे और टी20 सीरीज खेली जाएगी
इसके बाद दोनों टीमें वनडे सीरीज खेलेंगी. पहला वनडे 16 दिसंबर को पार्ल, दूसरा 19 दिसंबर को केपटाउन और तीसरा 22 दिसंबर को ब्लोमफोंटेन में होगा. दौरे के अंतिम चरण में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी. पहला टी20 मुकाबला 26 दिसंबर (बॉक्सिंग डे) को बेनोनी में होगा, जबकि दूसरा और तीसरा टी20 मुकाबला 29 और 30 दिसंबर को पोटचेफस्ट्रूम में खेले जाएंगे.
ये भी पढ़ें: जसप्रीत बुमराह की चोट ने खोली फिटनेस सिस्टम की पोल? BCCI ने CoE से मांगा जवाब
भारतीय महिला टीम का साउथ अफ्रीका दौरा
| मुकाबला | तारीख | स्थान |
| एकमात्र टेस्ट | 9-12 दिसंबर | सेंट जॉर्ज पार्क, गकेबेरहा |
| पहला वनडे | 16 दिसंबर | बोलैंड पार्क, पार्ल |
| दूसरा वनडे | 19 दिसंबर | न्यूलैंड्स, केपटाउन |
| तीसरा वनडे | 22 दिसंबर | मंगाउंग ओवल, ब्लोमफोंटेन |
| पहला टी20 | 26 दिसंबर | विलोमूर पार्क, बेनोनी |
| दूसरा टी20 | 29 दिसंबर | NWC ओवल, पोटचेफस्ट्रूम |
| तीसरा टी20 | 30 दिसंबर | NWC ओवल, पोटचेफस्ट्रूम |
साउथ अफ्रीका के मुख्य अधिकारी ने क्या कहा?
CSA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फोलेत्सी मोसेकी ने कहा कि भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ तीनों प्रारूपों में खेलने से उनकी टीम को महिला चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी के लिए बेहतरीन मौका मिलेगा. इस साल अप्रैल में टी20 विश्व कप से पहले भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था, जहां उसे पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद टी20 विश्व कप में भी दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया था, जबकि भारतीय टीम ग्रुप चरण से बाहर हो गई थी.
ये भी पढ़ें: BCCI का एक्शन, खिलाड़ियों का कद देखकर फिटनेस पर नहीं करें समझौता; फिजियो को मिले सख्त निर्देश
