Women Asia Cup 2026: दुबई में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को फाइनल में 72 रन से हराकर 8वीं बार एशिया कप के खिताब को अपने नाम किया. टीम के इस शानदार प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और BCCI सचिन देवजीत सैकिया ने खिलाड़ियों को बधाई दी. इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम अजेय रही.
राष्ट्रपति मुर्मू ने बेटियों को बताया प्रेरणा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में एक टीम के रूप में शानदार खेल दिखाया और सभी मुकाबले जीते. उन्होंने कहा कि टीम ने देश का मान बढ़ाया है और खासकर देश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत बनी है. राष्ट्रपति ने यह भी उम्मीद जताई कि भारतीय महिला टीम आने वाले समय में सफलता और शानदार प्रदर्शन की कई और प्रेरणादायक कहानियां लिखेगी.
PM मोदी बोले- भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय महिला टीम की इस उपलब्धि को गर्व का पल बताया. उन्होंने टीम को बधाई देते हुए कहा कि पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का आत्मविश्वास, निरंतरता और शानदार जज्बा देखने को मिला. PM मोदी ने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम की यह जीत देश के लाखों युवाओं को क्रिकेट खेलने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी.
ये भी पढ़ें: VIDEO: 'चोर...चोर, ट्रॉफी चोर', मोहसिन नकवी को देखते ही गूंजा स्टेडियम, वीडियो हुआ वायरल
ओम बिड़ला ने कहा- यह सिर्फ ट्रॉफी नहीं, बेटियों के सपनों की जीत
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आठवीं बार एशिया कप चैंपियन बनने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया. ओम बिड़ला ने इस जीत को सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि देश की बेटियों की मेहनत, सामर्थ्य और सपनों की जीत बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की यह उपलब्धि देश के युवाओं और खासकर बेटियों के लिए बड़ा प्रेरणादायक संदेश है.
ये भी पढ़ें: Women's Asia Cup: एशिया कप चैंपियन बनकर भी टीम इंडिया ने क्यों नहीं ली ट्रॉफी, जानिए BCCI के फैसले पर क्या बोले कोच
देवजीत सैकिया ने दी बधाई
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने एशिया कप जीतने पर भारतीय महिला टीम को बधाई दी. उन्होंने 72 रन की जीत को पूरे देश के लिए गर्व का पल बताया और हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, कोच अमोल मजूमदार और पूरी टीम की तारीफ की. सैकिया ने कहा कि अब टीम की अगली बड़ी चुनौती जापान में होने वाले एशियन गेम्स हैं. उन्होंने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “तिरंगा ऊंचा लहराते रहो.”
फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से धोया
फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए. शैफाली वर्मा ने 68 और स्मृति मंधाना ने 59 रन की शानदार पारी खेली. दोनों ने मिलकर भारत को मजबूत शुरुआत दी.
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 111 रन पर ऑलआउट हो गई. श्री चरणी ने चार विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट झटके. भारत ने 72 रन से फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम किया. इसके साथ ही भारत ने 8वीं बार एशिया कप के खिताब पर कब्जा जमाया.
ये भी पढ़ें: ट्रॉफी नहीं ली, लेकिन मोहसिन नकवी से मिले थे देवजीत सैकिया? VIDEO में बताई पूरी कहानी
