Amol Muzumdar On Preparation: भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए तैयार है. टूर्नामेंट से पहले टीम को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स चोट के कारण एशिया कप से बाहर हो गई हैं. हालांकि, उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद मुख्य कोच अमोल मुजुमदार को अपनी टीम पर पूरा भरोसा है. उन्होंने साफ कहा कि टीम में जीत की भूख पहले जैसी ही बनी हुई है. भारत संडे को थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले से एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत करने जा रहा है.
'हर टूर्नामेंट हमारे लिए महत्वपूर्ण'
जेमिमा की चोट के बावजूद अमोल मुजुमदार का मानना है कि भारतीय टीम का आत्मविश्वास मजबूत है. उन्होंने हाल के प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि खिलाड़ियों के अंदर लगातार अच्छा करने और ट्रॉफी जीतने की भूख बनी हुई है. मुजुमदार के मुताबिक भारतीय टीम ने हाल के समय में अलग-अलग फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन किया है. टीम के खिलाड़ियों में जीत हासिल करने की मानसिकता बनी हुई है और यही एशिया कप में भी नजर आनी चाहिए.
'जेमिमा हमारे लिए क्लच प्लेयर हैं'
जेमिमा रोड्रिग्स को हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण एशिया कप की टीम में जगह नहीं मिली है. मुख्य कोच अमोल मुजुमदार ने माना कि भारतीय टीम को इस स्टार बल्लेबाज की कमी जरूर खलेगी.
मुजुमदार ने कहा, 'मैं हमेशा कहता रहा हूं कि वह हमारे लिए क्लच प्लेयर हैं. निश्चित तौर पर उनकी कमी महसूस होगी. लेकिन इस समय उनकी रिकवरी हमारे लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है.'
टी20 में भारत की अहम बल्लेबाज हैं जेमिमा
जेमिमा रोड्रिग्स भारतीय महिला टी20 टीम की अहम बल्लेबाजों में शामिल हैं. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार अपनी बल्लेबाजी से टीम को मजबूती दी है. उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में 2,824 रन हैं. उन्होंने 131 मैचों की 118 पारियों में ये रन बनाए हैं. उनका बल्लेबाजी औसत 29.41 और स्ट्राइक रेट करीब 119 का है. उनके नाम 16 अर्धशतक हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 76 रन है. ऐसे में एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में जेमिमा की गैरमौजूदगी भारतीय बल्लेबाजी के लिए चुनौती जरूर होगी. फिलहाल जेमिमा फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रही हैं. टीम मैनेजमेंट उनकी रिकवरी पर लगातार नजर बनाए हुए है.
ये भी पढ़ें: शुभमन गिल-अभिषेक शर्मा भी पीछे, शेर-ए-पंजाब T20 लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी है सनवीर सिंह
थाईलैंड के खिलाफ अभियान की शुरुआत
एशिया कप में भारत को ग्रुप ए में रखा गया है. इस ग्रुप में भारत के अलावा थाईलैंड, हांगकांग, चीन और पाकिस्तान की टीमें शामिल हैं. भारत रविवार को थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा. टीम की कोशिश पहले ही मुकाबले में जीत के साथ लय हासिल करने की होगी.
भारत महिला टीम: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, प्रतिका रावल, राधा यादव, गुनालन कमलिनी और प्रेमा रावत.
थाईलैंड महिला टीम: अफिसारा सुवांचोनराठी, फन्निता माया, नन्नापट कोंचारोएनकाई (विकेटकीपर), नरुमोल चाइवई (कप्तान), चनिदा सुत्थिरुआंग, नाओमी हैमिल्टन, सुलीपोर्न लाओमी, नन्नाफट चाइहान, सुनिदा चतुरोंग्रतना, ओननिचा कामचोम्पू, थिपाचा पुथावोंग, कोरानिट सुवांचोनराठी, चायनिसा फेंगफैन, थानरदा सीसावान और नट्टाकन चांतम.
ये भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर के बैकअप की तलाश में जुटी टीम इंडिया, वनडे टीम में हो सकती है तिलक वर्मा की एंट्री
