Junior Women Asia Cup 2026: भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए AHF जूनियर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया. फाइनल में भारत ने मेजबान चीन को 1-0 से हराया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा किया. टीम इंडिया की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी.
सानिका के गोल से भारत को मिली बढ़त
फाइनल मुकाबले की शुरुआत दोनों टीमों ने संभलकर की. चीन ने शुरुआती मिनटों में गेंद पर ज्यादा कब्जा रखा और भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की. हालांकि भारतीय डिफेंस ने शानदार संयम दिखाया और चीन को कोई बड़ा मौका नहीं दिया. पहला क्वार्टर बिना किसी गोल के खत्म हुआ.
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत ने अपना मौका भुनाया. 17वें मिनट में सानिका चंद्रकांत माने ने शानदार गोल करके टीम इंडिया को 1-0 की बढ़त दिलाई. उन्होंने चीनी डिफेंडर के पीछे से निकलकर सर्कल में आए लंबे स्लैप-पुश पर शानदार डिफ्लेक्शन किया. उनका यह प्रयास चीन की गोलकीपर शू मेंगजियाओ को छकाने में सफल रहा.
चीन को नहीं मिला बराबरी का मौका
गोल खाने के बाद चीन ने बराबरी की कोशिश तेज कर दी. उसे मैच का एकमात्र पेनल्टी कॉर्नर भी मिला. हालांकि चीन का प्रयास सफल नहीं रहा. गेंद निर्धारित ऊंचाई से ऊपर गोल में गई, जिसके कारण गोल को मान्यता नहीं मिली. हाफ टाइम से ठीक पहले भारत के पास बढ़त दोगुनी करने का मौका भी आया. कप्तान खैदेम शिलैमा चानू ने गोल की ओर अच्छा शॉट लगाया, लेकिन चीनी गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए गेंद को रोक दिया. हाफ टाइम तक भारत 1-0 से आगे रहा.
दूसरे हाफ में डिफेंस ने संभाला मोर्चा
दूसरे हाफ में चीन ने आक्रामक खेल दिखाया और बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए. तीसरे क्वार्टर में भी मेजबान टीम ने भारत के सर्कल में दबाव बनाने की कोशिश की. एक मौके पर चीन की खिलाड़ी ने बेसलाइन से अंदर आकर खतरनाक पास दिया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने समय रहते उसे रोक लिया.
आखिरी क्वार्टर में भारत की रक्षापंक्ति ने शानदार प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त को बचाने के लिए पूरी तरह अनुशासित खेल दिखाया. चीन ने कई बार वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस को भेद नहीं सका. आखिरी सीटी बजते ही भारत ने 1-0 की जीत के साथ खिताब अपने नाम कर लिया.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट
पीएम मोदी ने टीम इंडिया को दी बधाई
भारतीय टीम की इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए टीम की तारीफ करते हुए कहा कि यह भारतीय हॉकी के लिए गर्व का पल है. पीएम मोदी ने टीम के अजेय अभियान और खिलाड़ियों की प्रतिभा एवं दृढ़ संकल्प की सराहना की.
वहीं टीम की इस उपलब्धि के बाद हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए इनामी राशि की घोषणा की है. प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये दिए जाएंगे.
टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत
भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं हारी. भारत ने Elite Pool में तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था. सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. इसके बाद खिताबी मुकाबले में मेजबान चीन को 1-0 से हराकर भारत ने लगातार तीसरी बार जूनियर एशिया कप का खिताब जीत लिया.
ये भी पढ़ें: IND vs AFG 1st T20: भारत ने महज 13.4 ओवर में चेज किया 157 रन का टारगेट, सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त
