Team India Schedule: श्रीलंका टेस्ट से न्यूजीलैंड दौरे तक, जानें भारतीय क्रिकेट टीम का पूरा शेड्यूल

India Cricket Schedule 2026: जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार जीत के बाद, भारतीय क्रिकेट टीम का अगला पड़ाव श्रीलंका में टेस्ट सीरीज है. जानिए 2026 के बाकी महीनों में टीम इंडिया के व्यस्त कार्यक्रम के बारे में.

India Cricket Schedule 2026: इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ लगातार टी20 सीरीज गंवाने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली. हरारे में खेले गए तीनों मुकाबलों में भारत ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन किया और क्लीन स्वीप के साथ दौरे का समापन किया. यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव के बाद पहली बार टीम की कमान संभाल रहे श्रेयस अय्यर को शुरुआती दौर में लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. कप्तान बनने के बाद पहले सात मैचों में उन्हें छह हार मिली थीं, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली यह सीरीज जीत उनके नेतृत्व के लिए बड़ा आत्मविश्वास लेकर आई है.

अब श्रीलंका टेस्ट सीरीज पर रहेगा पूरा फोकस

जिम्बाब्वे दौरे के बाद भारतीय टीम अब अगले महीने श्रीलंका रवाना होगी, जहां दोनों देशों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा होगी और अंक तालिका के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. भारतीय टीम फिलहाल WTC रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है, जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर मौजूद है. ऐसे में यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अंक तालिका में बढ़त हासिल करने का सुनहरा अवसर होगी. माना जा रहा है कि टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा मंगलवार को की जाएगी.

2026 में भारत का प्रदर्शन रहा उतार-चढ़ाव भरा

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बावजूद भारतीय टीम का 2026 का सफर पूरी तरह आसान नहीं रहा. साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया ने उसी दौरे पर टी20 सीरीज 4-1 से जीतकर दमदार वापसी की. इसके बाद घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतकर भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की कप के बाद भारत ने अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट मैच में हराया और वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया. हालांकि जून और वर्ल्ड जुलाई में आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज तथा इंग्लैंड के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज में हार ने टीम की लय बिगाड़ दी थी. ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली 3-0 की जीत टीम के लिए राहत लेकर आई है.

बांग्लादेश दौरे पर अब भी संशय

भारत का बांग्लादेश दौरा पहले अगस्त 2025 में प्रस्तावित था, लेकिन दोनों देशों के बीच राजनीतिक परिस्थितियों के कारण इसे सितंबर 2026 तक टाल दिया गया. अब दोनों देशों के संबंधों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है. रिपोर्टों के अनुसार, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को सितंबर में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भारत की ओर से आमंत्रित किए जाने के बाद क्रिकेट संबंधों के सामान्य होने की संभावना बढ़ी है. यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो भारत और बांग्लादेश के बीच छह मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज आयोजित हो सकती है.

साल के बाकी महीनों में रहेगा व्यस्त कार्यक्रम

श्रीलंका दौरे के बाद भारतीय टीम सितंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलेगी. इसके बाद वेस्टइंडीज भारत दौरे पर आएगी, जहां तीन वनडे और पांच टी20 मुकाबले होंगे. इसी दौरान जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम टी20 प्रारूप में हिस्सा ले सकती है. अक्टूबर-नवंबर में भारत न्यूजीलैंड का दौरा करेगा, जहां दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की लंबी सीरीज खेली जाएगी. साल के अंत में श्रीलंका की टीम भारत आएगी और दोनों देशों के बीच तीन वनडे तथा तीन टी20 मुकाबले होंगे.

भारत का शेष अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम (2026)

महीनासीरीज / टूर्नामेंटमेजबान देशमुकाबले
अगस्त 2026भारत का श्रीलंका दौराश्रीलंका2 टेस्ट
सितंबर 2026भारत का अफगानिस्तान दौराअफगानिस्तान3 टी20 अंतरराष्ट्रीय
सितंबर–अक्टूबर 2026वेस्टइंडीज का भारत दौराभारत3 वनडे, 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय
सितंबर–अक्टूबर 2026एशियाई खेलजापानटी20 प्रतियोगिता
अक्टूबर–नवंबर 2026भारत का न्यूजीलैंड दौरान्यूजीलैंड2 टेस्ट, 3 वनडे, 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय
दिसंबर 2026श्रीलंका का भारत दौराभारत3 वनडे, 3 टी20 अंतरराष्ट्रीय

इसे भी पढ़े- 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' जीतना सपना सच होने जैसा, वैभव सूर्यवंशी ने बताया सफलता का मंत्र


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >