IND vs SL Test Series: भारत के श्रीलंका दौरे के लिए दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान अगले सप्ताह किया जाएगा. चयन समिति की बैठक में सभी की नजरें तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर होगी. भारतीय टीम 15 अगस्त से गॉल में पहले टेस्ट के साथ अपने दौरे की शुरुआत करेगी, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा.
बुमराह की फिटनेस पर फैसला बाकी
जसप्रीत बुमराह हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे से बाएं घुटने में चोट और सूजन के कारण बाहर हो गए थे. ऐसे में चयनकर्ता उनकी रिकवरी पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि बुमराह अगस्त के पहले सप्ताह में टीम के साथ श्रीलंका रवाना हो पाएंगे या नहीं.
इस घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र ने पीटीआई से कहा-
हम उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रख रहे हैं. टेस्ट सीरीज शुरू होने में अभी लगभग तीन सप्ताह का समय है, इसलिए उनके पास पूरी तरह फिट होकर श्रीलंका में टीम से जुड़ने का पर्याप्त समय है.
चार अगस्त तक श्रीलंका पहुंचेगी टीम
भारतीय टीम चार अगस्त तक श्रीलंका पहुंच जाएगी. वहां खिलाड़ी स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने के लिए कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेंगे.
जडेजा की वापसी तय
अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की शुभमन गिल की कप्तानी वाली टेस्ट टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है. श्रीलंका की स्पिन-अनुकूल परिस्थितियों में जडेजा की भूमिका बेहद अहम होगी. जडेजा को हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी, जिसमें भारत को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था.
इन गेंदबाजों पर होगी नजरें
यदि बुमराह पूरी तरह फिट होते हैं तो तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी उनके साथ मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा संभालेंगे. स्पिन विभाग में अनुभवी कुलदीप यादव और बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार प्रमुख विकल्प होंगे. मानव ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट पदार्पण में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था.
इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर तीसरे स्पिनर के रूप में टीम में जगह बना सकते हैं. उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट की दूसरी पारी में चार विकेट लेकर प्रभावित किया था. वहीं, बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे भी स्पिन विभाग में बैकअप विकल्प के तौर पर टीम का हिस्सा बने रह सकते हैं.
ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा का खास गिफ्ट पाकर गदगद हुए जोस बटलर, सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीर
