IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद आज से वनडे सीरीज का आगाज हो रहा है. दोनों टीमें धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. हालांकि, इस पहले ही मुकाबले पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. मैच शुरू होने से पहले धर्मशाला के खराब मौसम ने खेल प्रेमियों और आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है, जिससे इस मैच के समय पर शुरू होने को लेकर सस्पेंस बन गया है.
धर्मशाला वनडे पर मंडराया ‘येलो अलर्ट’ का साया
भारत और अफगानिस्तान के पहले वनडे मैच पर संकट की स्थिति और गंभीर हो गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मैच के दिन यानी 13 जून के लिए धर्मशाला और आस-पास के इलाकों में ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया है. पहाड़ियों के बीच बसे इस खूबसूरत स्टेडियम में मौसम पलक झपकते ही करवट बदलने के लिए जाना जाता है. IMD के ताजा अनुमान के मुताबिक, मैच के दौरान गरज-चमक के साथ भारी बारिश की आशंका है, जिससे इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले के धुलने का खतरा बहुत ज्यादा बढ़ गया है.
हेड टू हेड
वनडे क्रिकेट में हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो पलड़ा पूरी तरह से टीम इंडिया के पक्ष में है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 4 वनडे मैच खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 3 मैचों में शानदार जीत दर्ज की है. वहीं, एक मैच रोमांचक मोड़ पर टाई रहा था. आंकड़ों का यह गणित साफ बताता है कि वनडे फॉर्मेट में अफगानिस्तान आज तक भारत के खिलाफ एक भी जीत दर्ज नहीं कर सका है.
कब शुरू होगा यह मुकाबला
भारतीय समयानुसार यह मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होना है, लेकिन एक्यूवेदर की रिपोर्ट फैंस की चिंता बढ़ा सकती है. मैच के दौरान बारिश की 90% आशंका है, जिससे खेल में बाधा आना लगभग तय है. ऐसे में न सिर्फ टॉस में देरी हो सकती है, बल्कि ओवर्स में कटौती की नौबत भी आ सकती है.
क्यों यह मुकाबला है यह बेहद खास
भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे फॉर्मेट में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है. अब तक केवल एशिया कप और आईसीसी इवेंट्स तक सीमित रहा इन दोनों टीमों का मुकाबला अब पहली बार एक पूरी वनडे सीरीज के रूप में फैंस को देखने को मिलेगा. विश्व की नंबर वन टीम के खिलाफ अपनी ताकत आजमाने का यह अफगानिस्तान के लिए एक सुनहरा मौका है. दूसरी ओर, टीम इंडिया के नजरिए से देखें तो यहाँ से 2027 वनडे वर्ल्ड कप का मिशन शुरू हो रहा है. इस रोमांचक सीरीज के बाकी दो मैच 17 और 20 जून को तय किए गए हैं.
इसे भी पढ़े- ‘दोस्त, जिंदगी तो अभी शुरू हुई है’… केन विलियमसन के संन्यास पर विराट कोहली का खास मैसेज, वायरल हुआ पोस्ट
