India vs Afghanistan 1st T20I Weather Report: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज रविवार, 13 सितंबर से होने जा रहा है. सीरीज के तीनों मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. लेकिन पहले टी20 मैच से पहले मौसम ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है.
दिल्ली में बारिश की संभावना बनी हुई है और शाम के समय बादल छाए रहने का अनुमान है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बारिश भारत-अफगानिस्तान के पहले टी20 का मजा किरकिरा करेगी या फिर अफगानिस्तान कोई उलटफेर करेगा.
मैच से पहले दिल्ली के मौसम ने बढ़ाई चिंता
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 रविवार शाम 7:30 बजे खेला जाना है. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक दिन में दिल्ली में बारिश की संभावना ज्यादा है. दोपहर के समय बारिश की संभावना करीब 64 फीसदी तक बताई गई है और तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
शाम होते-होते तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी, लेकिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. मैच के समय शाम 7:30 बजे के आसपास बारिश की संभावना करीब 49 फीसदी है. इसका मतलब मैच के दौरान बारिश का खतरा पूरी तरह टला नहीं है और खेल में रुकावट की आशंका बनी हुई है.
रात में भी बारिश और आंधी का खतरा
मौसम का खतरा सिर्फ मैच शुरू होने तक ही सीमित नहीं है. रात में बारिश की संभावना करीब 55 फीसदी है, जबकि गरज के साथ आंधी की संभावना भी करीब 33 फीसदी है. ऐसे में अगर मैच के दौरान बारिश आती है तो मुकाबला कुछ समय के लिए रुक सकता है.
क्या बारिश से पिच का मिजाज बदलेगा?
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच पर इस मुकाबले में स्पिन गेंदबाजों की भूमिका पहले से ही अहम मानी जा रही है. अफगानिस्तान के पास राशिद खान, नूर अहमद और मुजीब उर रहमान जैसे शानदार स्पिन विकल्प हैं. वहीं भारत के पास अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर जैसे ऑलराउंडर हैं. अगर बारिश होती है तो टॉस के समय कप्तानों के सामने परिस्थितियों को देखकर फैसला लेने की चुनौती होगी.
दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल में भारत के सामने अफगानिस्तान का रिकॉर्ड बेहद कमजोर रहा है. 2010 से अब तक दोनों टीमों के बीच कुल नौ मुकाबले खेले गए हैं. इनमें टीम इंडिया ने आठ मैचों में जीत हासिल की है, जबकि एक मुकाबला बारिश की वजह से बिना नतीजे के खत्म हुआ. यानी अफगानिस्तान अब भी टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ अपनी पहली जीत की तलाश में है.
भारत और अफगानिस्तान की पूरी टीम
भारतीय टीम: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, यश ठाकुर, रवि बिश्नोई, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी.
अफगानिस्तान टीम: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नूर अहमद, नवीन-उल-हक, फजलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान, नूर उल रहमान, अब्दुल्ला अहमदजई, नांगेयालिया खरोती.
भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज का शेड्यूल
- भारत बनाम अफगानिस्तान, पहला टी20 मैच, रविवार, 13 सितंबर
- भारत बनाम अफगानिस्तान, दूसरा टी20 मैच, मंगलवार, 15 सितंबर
- भारत बनाम अफगानिस्तान, तीसरा टी20 मैच, गुरुवार, 17 सितंबर
