भारतीय टीम का पिछले कुछ समय में घरेलू मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, लेकिन मुख्य कोच गौतम गंभीर को भरोसा है कि 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए उनकी टीम पूरी तरह तैयार होगी. अभ्यास सत्र से पहले खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए गंभीर ने टीम में शामिल हुए नए खिलाड़ियों, स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन और तेज गेंदबाज आकिब नबी का भी स्वागत किया.
बीसीसीआई द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में गौतम गंभीर ने कहा, "हम जानते हैं कि हमारे सामने क्या चुनौती है और हम किस लक्ष्य के लिए खेल रहे हैं. हम कड़ी मेहनत कर सकते हैं, अपनी क्षमता को और बेहतर बना सकते हैं और हर तरह की तैयारी कर सकते हैं."
उन्होंने आगे कहा, "15 अगस्त की सुबह जब मैच शुरू होगा, चाहे हम पहले बल्लेबाजी करें या गेंदबाजी, हमारे पास हर सवाल का जवाब होना चाहिए. इसलिए अभी से अपनी तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़नी है."
15 अगस्त से शुरू होगा टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में शुरू होगा. दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर 0-2 से सीरीज गंवाने के बाद यह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारत का पहला मुकाबला होगा.
ये भी पढ़ें: 'रफ्तार नहीं...', पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने बताया आकिब नबी की ताकत, जानिए क्यों हैं वो खास
सारांश जैन और आकिब नबी को पहली बार किया गया शामिल
मध्य प्रदेश के स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह मिली है. वहीं तेज गेंदबाज आकिब नबी को चोटिल जसप्रीत बुमराह के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है. नबी ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में जम्मू-कश्मीर को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.
'तुमने काफी मेहनत की है'
सारांश का स्वागत करते हुए गंभीर ने कहा, "सबसे पहले तुम्हें बधाई. यहां तक पहुंचने के लिए तुमने काफी मेहनत की है. जब भी देश के लिए खेलने का मौका मिले, यह सुनिश्चित करना कि तुम अपने परिवार और देश का नाम रोशन करो."
'पिछला सीजन तुम्हारा प्रदर्शन शानदार रहा'
आकिब नबी को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, "पिछले सत्र तुम्हारा प्रदर्शन शानदार रहा. जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी जिताना बड़ी उपलब्धि है. इसके लिए तुम्हें एक बार फिर बधाई."
ये भी पढ़ें: WTC 2025-27 Points Table: भारत से आगे निकला बांग्लादेश, जानिए टॉप-5 टीमों का हाल
