SL Akshay: क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद खबर है. कर्नाटक के पूर्व रणजी खिलाड़ी एस एल अक्षय का रविवार को एक लोकल मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. वह सिर्फ 39 वर्ष के थे और शिवामोगा के रहने वाले थे. अक्षय ने कर्नाटक के लिए रणजी ट्रॉफी खेलने के साथ-साथ कर्नाटक प्रीमियर लीग में भी अपनी प्रतिभा दिखाई थी. जिसे अब महाराजा ट्रॉफी KSCA T20 कहा जाता है.
मैच के दौरान क्या हुआ
रविवार दोपहर को केआर पुरम ग्राउंड में थर्ड डिवीजन का मुकाबला चल रहा था. फील्डिंग के दौरान अक्षय के सीने में अचानक दर्द हुआ. उन्होंने इसके बारे में बताया, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 39 साल के इस खिलाड़ी का यूं चले जाना बेहद दुखद है.
दिग्गजों ने जताया दुख
अक्षय एक बेहतरीन तेज गेंदबाज थे. उन्होंने कर्नाटक के लिए रणजी ट्रॉफी खेलने के साथ-साथ कर्नाटक प्रीमियर लीग में भी हिस्सा लिया था. उनकी इस अचानक मौत से पूरे कर्नाटक क्रिकेट जगत में शोक की लहर है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर डोड्डा गणेश ने ‘एक्स’ पर गहरा दुख जताते हुए लिखा- “क्रिकेट जगत के लिए बेहद दुखद खबर है. 39 साल के तेज गेंदबाज एसएल अक्षय अब हमारे बीच नहीं रहे. मैंने उन्हें अंडर-19 के दिनों से करीब से देखा था. मेरे पास अपना दुख बताने के लिए शब्द नहीं हैं. बेहद शांत स्वभाव के अक्षय ने 2011/12 में कर्नाटक के लिए खेलते हुए अच्छी सफलता हासिल की थी. उनकी आत्मा को शांति मिले.”
क्रिकेट एसोसिएशन ने दी श्रद्धांजलि
कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन ने एक आधिकारिक बयान जारी कर अक्षय को श्रद्धांजलि दी. केएससीए ने कहा, “अक्षय ने प्रथम श्रेणी स्तर पर कर्नाटक का गौरव के साथ प्रतिनिधित्व किया. खेल से संन्यास लेने के बाद भी वे पूरे जुनून और समर्पण के साथ क्रिकेट की सेवा करते रहे. एक जूनियर कोच के रूप में उन्होंने कई युवा क्रिकेटरों के टैलेंट को निखारने और उन्हें सही रास्ता दिखाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई.”
यह भी पढ़े- RR ने प्लेऑफ में पहुंचते ही लिया पंजाब किंग्स से ‘बदला’, सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
