फीफा वर्ल्ड कप 2026: ब्राजील का सफर थमा, नॉर्वे ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया

FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 में फुटबॉल जगत को एक ऐसा नतीजा देखने को मिला, जिसकी शायद ही किसी ने कल्पना की होगी. पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील को नॉर्वे ने 2-1 से हराकर टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया. इस ऐतिहासिक जीत के साथ नॉर्वे ने पहली बार फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली और पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

FIFA World Cup 2026: मैच में नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों गोल दागे और अपनी टीम की जीत के सबसे बड़े नायक बने. हालैंड ने पहले दूसरे हाफ में हेडर के जरिए गोल कर नॉर्वे को बढ़त दिलाई और फिर मैच के अंतिम क्षणों में दूसरा गोल करके ब्राजील की वापसी की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया. ब्राजील की ओर से नेमार ने इंजरी टाइम में पेनल्टी पर एक गोल जरूर किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

एर्लिंग हालैंड का ‘डबल’ धमाका

मैच के नायक नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड रहे. कड़े मुकाबले के शुरुआती 78 मिनट तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी थी. हालांकि, 79वें मिनट में हालैंड ने एक शानदार हेडर के जरिए अपनी टीम को 0-1 की बढ़त दिलाई. ब्राजील अभी इस झटके से संभल ही रही थी कि 90वें मिनट में हालैंड ने एक और सटीक गोल दागकर स्कोर 0-2 कर दिया. इन दो गोलों ने ब्राजील की वापसी की राह लगभग बंद कर दी थी.

ब्राजील का निराशाजनक प्रदर्शन

ब्राजील के लिए यह मैच बेहद निराशाजनक रहा. पहले हाफ में टीम के पास बढ़त बनाने का सुनहरा मौका था, जब वीएआर (VAR) के जरिए ब्राजील को पेनल्टी मिली. लेकिन ब्रूनो गुइमारेस का शॉट नॉर्वे के गोलकीपर ओर्जन नाइलैंड ने शानदार बचाव करते हुए रोक दिया. मैच के अंतिम क्षणों में (90+10 मिनट) ब्राजील को एक और पेनल्टी मिली, जिसे नेमार जूनियर ने गोल में बदलकर स्कोर 1-2 किया. हालांकि, यह गोल केवल हार का अंतर कम करने के काम आया और तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

ओर्जन नाइलैंड बने दीवार

नॉर्वे की इस जीत के पीछे उनके अनुभवी गोलकीपर ओर्जन नाइलैंड का प्रदर्शन यादगार रहा. नायलैंड ने पूरे मैच के दौरान ब्राजीलियाई आक्रमण को विफल रखा. उन्होंने गेब्रियल मार्टिनेली, विनीसियस जूनियर, रयान और ब्रूनो गुइमारेस के कठिन शॉट्स को रोककर टीम को मैच में बनाए रखा. वहीं, दूसरे हाफ में मैदान पर आए ब्राजील के युवा खिलाड़ी एंड्रिक एक आसान मौका चूक गए, जो अंत में टीम पर भारी पड़ा.

गोल्डन बूट की दौड़ हुई रोमांचक

इस मुकाबले में दो गोल करने के साथ ही एर्लिंग हालैंड ने विश्व कप 2026 में अपने कुल गोलों की संख्या सात पहुंचा दी है. इसके साथ ही वह टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोररों की सूची में किलियन एम्बाप्पे और लियोनेल मेसी के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आ गए हैं. अब गोल्डन बूट की दौड़ और भी अधिक रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है.

ब्राजील को बाहर कर अंतिम-8 में पहुंची नॉर्वे की टीम

नॉर्वे की यह जीत फुटबॉल के इतिहास में हमेशा याद रखी जाएगी. एक तरफ जहां ब्राजील का विश्व कप का सफर राउंड ऑफ-16 में समाप्त हो गया, वहीं नॉर्वे अब क्वार्टर फाइनल की तैयारी में जुट गया है. प्रशंसकों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या एर्लिंग हालैंड अपनी इस लय को आगे भी बरकरार रख पाएंगे.

इसे भी पढ़े- अरबों की आबादी, फुटबॉल का जुनून; फिर भी फीफा वर्ल्ड कप से क्यों दूर हैं भारत-चीन जैसे देश?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ritu Raj

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >