Tilak Varma-Vaibhav Sooryavanshi Controversy: दलीप ट्रॉफी 2026-27 के फाइनल में पहले दिन वैभव सूर्यवंशी और साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा के बीच हुई तीखी बहस ने खूब सुर्खियां बटोरीं. मैदान पर दोनों खिलाड़ियों के बीच गरमागरमी के बाद अंपायर को स्थिति संभालनी पड़ी. हालांकि, वैभव इसके कुछ देर बाद ही 44 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. अब दूसरे दिन सबकी नजरें साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा पर होंगी.
ईस्ट जोन ने पहले दिन 4 विकेट पर 385 रन बनाए
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे फाइनल के पहले दिन ईस्ट जोन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 79 ओवर में 4 विकेट पर 385 रन बना लिए. कप्तान ईशान किशन 111 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि कुमार कुशाग्र 63 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं. ऐसे में दूसरे दिन ईस्ट जोन की नजरें अपने स्कोर को और बड़ा करने पर होंगी.
ईस्ट जोन को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में वैभव सूर्यवंशी का भी अहम योगदान रहा. उन्होंने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की और 37 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी खेली. उनकी पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा.
ये भी पढ़ें: Duleep Trophy Final Day 2 Live: ईशान किशन की नजरें दोहरे शतक पर, कुछ देर में शुरू होगा दूसरे दिन का खेल
अब तिलक के सामने होगी ये चुनौती
साउथ जोन के लिए दूसरा दिन बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है. टीम को पहले ईस्ट जोन के बड़े स्कोर को रोकना होगा और फिर अपनी पहली पारी में मजबूत शुरुआत करनी होगी. ऐसे में कप्तान तिलक वर्मा की भूमिका काफी अहम हो जाती है.
तिलक के लिए यह सिर्फ कप्तानी की परीक्षा नहीं होगी, बल्कि बल्ले से भी योगदान देने का मौका होगा. फाइनल से पहले उन्होंने नॉर्थ जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन किया था और अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. ऐसे में साउथ जोन को अब फाइनल में भी अपने कप्तान से बड़ी पारी की उम्मीद होगी.
वैभव से बहस के बाद अब तिलक की बल्लेबाजी पर होगी नजरें
पहले दिन तिलक और वैभव के बीच हुई बातचीत शुरुआत में सामान्य स्लेजिंग जैसी नजर आई, लेकिन बाद में दोनों के बीच तनाव बढ़ गया. तिलक वैभव के करीब गए और दोनों के बीच बहस होती दिखी, जिसके बाद अंपायर को बीच में आना पड़ा. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा.
अब साउथ जोन के गेंदबाजों के सामने ईस्ट जोन को जल्द समेटने की चुनौती होगी. इसके बाद टीम के बल्लेबाजों को बड़ी पारी खेलकर मुकाबले में वापसी की कोशिश करनी होगी. ऐसे में कप्तान तिलक वर्मा पर खास नजर रहेगी. सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि वह बल्ले से कैसा प्रदर्शन करते हैं और अपनी टीम को फाइनल में कितनी मजबूती से आगे ले जाते हैं.
ये भी पढ़ें: Video: दलीप ट्रॉफी के फाइनल मैच में तिलक वर्मा ने वैभव सूर्यवंशी को किया स्लेज, बोले- 'क्या यार, ये वाइस-कैप्टन?'
