Medhavi Bidhuri: दिल्ली प्रीमियर लीग में इन दिनों एक महिला क्रिकेटर अपने खेल के साथ-साथ खास सेलिब्रेशन को लेकर चर्चा में हैं. सेंट्रल दिल्ली क्वीन्स की ऑलराउंडर मेधावी बिधूड़ी का विकेट लेने के बाद किया गया ‘6-7’ सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उनके इस अंदाज ने क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है और देखते ही देखते उनके वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है.
विकेट मिलते ही खास अंदाज में सेलिब्रेशन
मेधावी सेंट्रल दिल्ली क्वीन्स की ओर से खेल रही हैं. उन्होंने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के खिलाफ पहले मैच में 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट लिए है. मेधावी बिधूड़ी लेग स्पिन गेंदबाजी के साथ उपयोगी बल्लेबाजी भी करती हैं. दिल्ली प्रीमियर लीग के मुकाबलों में उनके प्रदर्शन पर तो नजरें हैं ही, लेकिन विकेट लेने के बाद उनका खास सेलिब्रेशन भी फैंस के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया है. मेधावी विकेट लेने के बाद अपनी उंगलियों से ‘6’ और ‘7’ का इशारा करती हैं. उनके इस मासूम और अलग अंदाज वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. फैंस ने उन्हें ‘वायरल गर्ल’ तक कहना शुरू कर दिया है.
क्यों करती हैं ‘6-7’ का इशारा?
मेधावी के इस सेलिब्रेशन के पीछे की वजह भी काफी दिलचस्प है. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि ‘67’ उनका जर्सी नंबर है. उनके भाई-बहनों ने उन्हें सलाह दी थी कि जब भी वह मैदान पर विकेट हासिल करें तो अपने जर्सी नंबर का संकेत देते हुए यह सेलिब्रेशन करें. मेधावी के मुताबिक, उन्होंने परिवार की सलाह मानकर मैदान पर यह सेलिब्रेशन शुरू किया था. उन्हें अंदाजा नहीं था कि उनका यह छोटा सा अंदाज सोशल मीडिया पर इतना लोकप्रिय हो जाएगा.
