U19 World Cup: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ थॉमस रेव की संचुरी, इंग्लैंड ने बनाए 277 रन

U19 World Cup: बुलावायो में खेले जा रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 278 रनों का लक्ष्य रखा है. कप्तान थॉमस रेव ने 110 रनों की शानदार पारी खेली. कालेब फाल्कनर ने 40 और फरहान अहमद ने नाबाद 28 रन बनाए. अब ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में पहुंचने के लिए 278 रन बनाने होंगे. डिफेंडिंग चैंपियन के लिए यह राह आसान नहीं होगी.

U19 World Cup: बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे आईसीसी अंडर-19 पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 (U19 World Cup 2026) के पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 278 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने कप्तान थॉमस रेव (Thomas Rew) के शानदार 110 रनों की मदद से निर्धारित ओवरों में 277 रन बनाए. अब गत विजेता ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में पहुंचने के लिए इस मुश्किल टारगेट का पीछा करना होगा.

थॉमस रेव की कप्तानी पारी

इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने इस नॉकआउट मुकाबले में सामने से टीम का नेतृत्व किया. उन्होंने मात्र 110 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. रेव ने 39वें ओवर में एक सिंगल लेकर अपना शतक पूरा किया. उनकी इस पारी में 14 चौके और एक छक्का शामिल रहा. थॉमस रेव और कालेब फाल्कनर के बीच हुई बड़ी साझेदारी ने ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया था. 

हालांकि, 43वें ओवर में स्टीवन होगन के एक सटीक थ्रो पर थॉमस रेव रन आउट होकर पवेलियन लौटे. उनकी इस पारी ने इंग्लैंड के बड़े स्कोर का आधार तैयार किया.

मिडिल ऑर्डर की अहम साझेदारियां

इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. सलामी बल्लेबाज बेन डॉकिन्स सिर्फ 1 रन बनाकर ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज विल बायरोम का शिकार बने. इसके बाद जोसेफ मूर्स और इन-फॉर्म बल्लेबाज बेन मेयस ने पारी को संभाला. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 50 से अधिक रन जोड़े. मूर्स ने 33 गेंदों में 25 रन बनाए, 

जिन्हें आर्यन शर्मा ने आउट किया. अगले ही ओवर में बेन मेयस भी 24 रन बनाकर हेडन शिलर की गेंद पर बोल्ड हो गए. यहां से कप्तान रेव और कालेब फाल्कनर ने कमान संभाली और चौथे विकेट के लिए 135 रनों की जबरदस्त साझेदारी की. फाल्कनर ने 53 गेंदों में 40 रन बनाए जिसमें चार चौके शामिल थे.

डेथ ओवर्स में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का पलटवार

एक समय लग रहा था कि इंग्लैंड 300 के पार जाएगा, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी की. नादेन कोरे ने फाल्कनर और राल्फी अल्बर्ट को आउट कर इंग्लैंड की रफ्तार पर लगाम लगाई. राल्फी अल्बर्ट ने 13 गेंदों में 15 रन बनाकर कप्तान का साथ देने की कोशिश की थी. 

अंत में फरहान अहमद ने 26 गेंदों पर नाबाद 28 रनों की उपयोगी पारी खेली, जिससे टीम 277 के जुझारू स्कोर तक पहुंच सकी. ऑस्ट्रेलिया की ओर से डेथ ओवर्स में की गई सटीक गेंदबाजी के कारण इंग्लैंड की टीम अंतिम 10 ओवरों में उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बटोर सकी.

वर्ल्ड कप का इतिहास और खिताबी दौड़

इंग्लैंड की नजरें अपने दूसरे अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब पर हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया पांचवीं बार चैंपियन बनने की कोशिश कर रहा है. अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास को देखें तो भारत ने सबसे ज्यादा 5 बार यह ट्रॉफी जीती है. ऑस्ट्रेलिया 4 खिताबों के साथ दूसरे नंबर पर है. 

पाकिस्तान ने 2 बार, जबकि बांग्लादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने 1-1 बार यह वर्ल्ड कप अपने नाम किया है. इस सेमीफाइनल में जीत दर्ज करने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी. अब देखना होगा कि इंग्लैंड के गेंदबाज 277 रनों का बचाव कर पाते हैं या डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया अपनी बादशाहत कायम रखता है.

ये भी पढ़ें-

कंगारू कप्तान मिचेल मार्श ने भारत-पाक विवाद पर तोड़ी चुप्पी, बांग्लादेश के मुद्दे पर दिया बड़ा बयान

IND vs PAK: भारत के खिलाफ मैच छोड़ने की जिद पीसीबी को पड़ेगी भारी, रमीज राजा ने दी बड़ी चेतावनी, Video Viral

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >