अफगानिस्तान ने कनाडा को रौंदा, 82 रन से हराया, बड़ी जीत से ली विदाई

T20 World Cup CAN vs AFG: अफगानिस्तान ने गुरुवार को आईसीसी टी20 विश्व कप ग्रुप डी के औपचारिक मैच में कनाडा को 82 रन से हराकर अपना अभियान जीत से समाप्त किया. कनाडा की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 118 रन ही बना सकती. इससे पहले अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था.

T20 World Cup CAN vs AFG: अफगानिस्तान ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी के औपचारिक मुकाबले में गुरुवार को कनाडा को 82 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपने अभियान का समापन जीत के साथ किया. टीम की जीत में इब्राहिम जदरान की नाबाद 95 रन की शानदार पारी और मोहम्मद नबी की घातक गेंदबाजी (सात रन देकर चार विकेट) निर्णायक साबित हुई. पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने जदरान की 56 गेंदों की बेहतरीन पारी की मदद से चार विकेट पर 200 रन का मजबूत स्कोर बनाया. जवाब में कनाडा की टीम अफगान गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 20 ओवर में आठ विकेट पर 118 रन ही बना पाई. राशिद खान की कप्तानी वाली अफगान टीम पूरे मैच में हावी नजर आई. कनाडा जहां पूरे टूर्नामेंट में जीत से वंचित रही, वहीं अफगानिस्तान ने अपनी दूसरी जीत दर्ज कर सम्मानजनक विदाई ली.

तेजी से बिखरी कनाडा की बल्लेबाजी

201 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की शुरुआत खराब रही और टीम ने तीसरे ही ओवर में कप्तान दिलप्रीत बाजवा (13 रन) का विकेट गंवा दिया. छह ओवर के भीतर ही कनाडा का स्कोर तीन विकेट पर 33 रन हो गया. इस दौरान मोहम्मद नबी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए युवराज समरा (17) और निकोलस किर्टन (10) को पवेलियन भेजकर टीम को बड़े झटके दिए. ऑफ स्पिनर मुजीबुर रहमान ने बाजवा को आउट किया, जबकि अजमतुल्लाह उमरजई ने नवनीत धालीवाल का विकेट लेकर कनाडा पर दबाव और बढ़ा दिया. हालांकि हर्ष ठाकर (30) और साद बिन जफर (28) ने छठे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन अफगानिस्तान की स्पिन जोड़ी ने वापसी का मौका नहीं दिया. मोहम्मद नबी ने अपने चार ओवर में सिर्फ सात रन देकर चार विकेट झटके, जबकि कप्तान राशिद खान ने भी दो विकेट हासिल किए. लगातार गिरते विकेट और बढ़ते रन रेट के दबाव के आगे कनाडा की टीम नहीं ठहर सकी और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा.

अफगानिस्तान का शानदार प्रदर्शन

पहले बल्लेबाजी करते हुए इब्राहिम जदरान ने बेहतरीन पारी खेलकर अफगानिस्तान को चार विकेट पर 200 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. जदरान के अलावा सेदिकुल्लाह अटल ने 44 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने 30 रन का अहम योगदान दिया. जदरान को पारी के दौरान एक जीवनदान मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया और कनाडा के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला. उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए. गुरबाज ने संभलकर शुरुआत की और पिच को समझने के बाद कुछ शानदार शॉट्स खेले, लेकिन छठे ओवर में जसकरण सिंह ने उन्हें डीप प्वाइंट पर कैच आउट करा दिया. इसके तीन गेंद बाद ही जसकरण ने गुलबदिन नईब को पगबाधा आउट कर अफगानिस्तान को दूसरा झटका दिया, जिससे टीम का स्कोर दो विकेट पर 49 रन हो गया. इसके बाद जदरान ने जिम्मेदारी संभाली और रन गति को बनाए रखा. उन्होंने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की. जदरान और अटल ने तीसरे विकेट के लिए 95 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. दोनों बल्लेबाजों ने खासतौर पर स्पिनरों के खिलाफ खुलकर रन बटोरे.

कनाडा को भारी पड़ा जदरान का कैच छोड़ना

इब्राहिम जदरान को 54 रन के निजी स्कोर पर बड़ा जीवनदान मिला, जब बाएं हाथ के स्पिनर अंश पटेल की गेंद पर कलीम सना उनका आसान कैच नहीं पकड़ सके. कनाडा की इस खराब फील्डिंग का अफगानिस्तान ने पूरा फायदा उठाया और बल्लेबाजों ने विकेटों के बीच तेज दौड़ के साथ रन गति बनाए रखी. हालांकि, जसकरण सिंह ने सेदिकुल्लाह अटल को आउट कर 95 रन की साझेदारी तोड़ी, लेकिन जदरान पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और वह लगातार आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते रहे. वे शानदार पारी खेलने के बावजूद शतक से महज पांच रन से चूक गए. पारी के अंतिम ओवरों में अजमतुल्लाह उमरजई ने सात गेंदों पर 13 रन की तेज पारी खेली, जिससे अफगानिस्तान का स्कोर 200 रन तक पहुंच गया. कनाडा की ओर से जसकरण सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 52 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि तेज गेंदबाज डिलन हेलिगर को एक विकेट मिला. (इनपुट भाषा)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >