T20 World Cup 2026: टीम इंडिया विश्व क्रिकेट पर अपना दबदबा कायम कर चुकी है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को करारी शिकस्त दी और तीसरी बार टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया. भारतीय टीम घरेलू मैदान पर खिताब जीतने वाली और साथ ही खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम बन गई. फाइनल मुकाबला एकतरफा रहा, जिसमें भारत ने न्यूजीलैंड पर दबदबा बनाते हुए 96 रनों से जीत हासिल की. संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने अर्धशतक लगाए और भारत ने 250 से अधिक रनों का स्कोर खड़ा किया. इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड को 19 ओवरों में 159 रनों पर ऑल आउट कर दिया.
विराट कोहली ने ऐसे जताई खुशी
भारत की शानदार जीत के बाद, विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर पूरी विजयी टीम को बधाई देते हुए कहा कि पूरी टीम ने टॉप पर पहुंचने के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने पूरी टीम और सहायक स्टाफ की भी सराहना की. कोहली ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘चैंपियंस. अहमदाबाद में टीम इंडिया की शानदार जीत. पूरे टूर्नामेंट में हमारे द्वारा खेले गए विस्फोटक क्रिकेट के आगे कोई टिक नहीं पाया. मुश्किल परिस्थितियों में भी डटे रहकर विश्व चैंपियन बनने का लड़कों का जज्बा वाकई सराहनीय है. इस उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों और प्रबंधन टीम के सभी सदस्यों को बधाई. जय हिंद…’
शुभमन गिल ने लगाई इंस्टाग्राम स्टोरी
भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने भी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि टीम ने देश को गौरवान्वित किया है. शुभमन गिल ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा, ‘अपनी टीम पर बहुत गर्व है. भारत के लिए विश्व कप जीतना एक सपना होता है और आपने पूरे देश को गौरवान्वित किया है. बधाई हो, लड़कों.’ टी20 मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम प्रबंधन ने गिल को बाहर कर सभी को चौंका दिया था. इस फैसले की उस समय काफी आलोचना भी हुई थी. गिल के बाहर होने से सैमसन के लिए मौका बना और वह पूरे टूर्नामेंट में छाए रहे.
महान सचिन को अपने लड़कों पर है नाज
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले महान सचिन तेंदुलकर ने भी टीम इंडिया को बधाई दी और लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने को गौरवान्वित करने वाला क्षण बताया. सचिन ने एक्स पर लिखा, ‘लगातार दो बार वर्ल्ड कप जीतना, पहली बार किसी टीम ने T20 फॉर्मेट में ऐसा किया है. ट्रॉफी के पूरी तरह से हकदार और असली विजेता. हमारी टीम का क्या शानदार परफॉर्मेंस था और क्रिकेट का एक खास ब्रैंड दिखाया. बहुत बढ़िया, टीम इंडिया. जय हिंद…’
मैच का परिणाम कैसा रहा
टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मेजबान टीम ने ब्लैक कैप्स को अपने इस फैसले पर पछतावा कराया, क्योंकि मौजूदा चैंपियन ने सैमसन (89), अभिषेक (52) और किशन (54) की बदौलत 20 ओवरों में 255/5 का स्कोर बना दिया. न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करने में पूरी तरह से नाकाम रही क्योंकि नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट लिए जबकि अक्षर पटेल ने तीन विकेट चटकाए और अंत में कीवी टीम 159 रनों पर ऑल आउट हो गई. इस शिखर मुकाबले में आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह, भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव, एमएस धोनी और रोहित शर्मा भी स्टैंड में मौजूद थे.
ये भी पढ़ें…
फाइनल में कैमरे पर एक बार भी क्यों नहीं दिखे एमएस धोनी, स्टेडियम में थे मौजूद
‘पनौती’ अंपायर रिचर्ड केटलबोरो कैसे हुए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से बाहर?
