मैदान पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, फिर 79 साल के श्रीलंकाई दिग्गज ने जो किया… वैभव सूर्यवंशी के इस वीडियो ने जीता सबका दिल

IND A vs SL A: श्रीलंका 'ए' के खिलाफ हाई-वोल्टेज मैच के ड्रामे के बाद मैदान पर एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला. श्रीलंका क्रिकेट के सबसे पहले कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी अनुरा टेनेकोन ने युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से खास मुलाकात की.

IND A vs SL A: श्रीलंका ‘ए’ और भारत के बीच मैदान पर जबरदस्त ड्रामा और रोमांच देखने को मिला. लेकिन मैच खत्म होने के बाद एक बेहद खूबसूरत पल सामने आया. श्रीलंका क्रिकेट इतिहास के सबसे पहले कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी अनुरा टेनेकोन ने खुद आगे बढ़कर युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी से मुलाकात की और उनके खेल की सराहना की.

वैभव सूर्यवंशी ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद

दांबुला के मैदान पर क्रिकेट की दो पीढ़ियों का एक बेहद खूबसूरत और भावुक पल देखने को मिला. श्रीलंका के सबसे पहले वनडे कप्तान, 79 वर्षीय अनुरा टेनेकोन युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से मिलने के लिए पूरे एक घंटे तक इंतजार करते रहे. जैसे ही वैभव उनसे मिलने पहुंचे, उन्होंने आदरपूर्वक इस दिग्गज खिलाड़ी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया.

श्रीलंका के पहले वनडे कप्तान अनुरा टेनेकोन ने वैभव सूर्यवंशी को दिया गुरुमंत्र

इस मुलाकात के दौरान टेनेकोन ने युवा बल्लेबाज को एक गुरुमंत्र भी दिया. उन्होंने वैभव को हौसला बढ़ाते हुए कहा- “अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करो और बाहरी शोर को पूरी तरह नजरअंदाज कर दो. आज तुम्हारा दिन नहीं था और तुम बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन यही इस खेल की खूबसूरती है. हर दिन कोई भी खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकता, इसे खेल का हिस्सा मानकर आगे बढ़ो.”

वैभव और श्रीलंकाई खिलाड़ी के बीच तीखी नोकझोंक

दांबुला में खेले गए इस मैच का अंत बेहद विवादित रहा. सुपर ओवर में इंडिया ‘ए’ की शिकस्त के बाद जब खिलाड़ी वापस लौट रहे थे, तब वैभव सूर्यवंशी की भिड़ंत श्रीलंका के एक खिलाड़ी से हो गई. दरअसल, पवेलियन की ओर बढ़ते समय श्रीलंकाई खिलाड़ी द्वारा किए गए एक कमेंट पर वैभव बुरी तरह भड़क गए. दोनों ओर से गुस्सा इस कदर बढ़ा कि मैदान पर ही खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई.

वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हुए श्रीलंकाई दिग्गज

भले ही मैच के बाद माहौल थोड़ा तनावपूर्ण हो गया था, लेकिन श्रीलंका के पूर्व कप्तान अनुरा टेनेकोन ने वैभव सूर्यवंशी की क्रिकेटिंग क्लास की खुलकर सराहना की. उन्होंने माना कि वैभव एक असाधारण खिलाड़ी हैं. युवा सनसनी की तारीफ में उन्होंने कहा, “आईपीएल में उसकी बल्लेबाजी ने मुझे उसका प्रशंसक बना दिया. इतनी छोटी उम्र में बड़े शॉट्स खेलने की जो काबिलियत उसके पास है, वह अद्भुत है. हर खिलाड़ी में ऐसा हुनर नहीं होता. मैं यही उम्मीद करता हूं कि वह भविष्य में भी इसी तरह का शानदार प्रदर्शन करता रहे.”

IPL 2026 के ‘बेस्ट प्लेयर’ वैभव सूर्यवंशी

आईपीएल 2026 का सीजन पूरी तरह से 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के नाम रहा. वैभव ने टूर्नामेंट में असाधारण बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश करते हुए रनों का अंबार लगा दिया. उन्होंने लीग के इतिहास में सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने का गौरव हासिल किया और साथ ही एक ही सीजन में सर्वाधिक छक्के जड़ने का ऑल-टाइम रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. इस करिश्माई प्रदर्शन की बदौलत उन्हें ‘सीजन का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ चुना गया, जिसने रातों-रात उन्हें ग्लोबल क्रिकेट का नया सितारा बना दिया. आईपीएल में दुनिया भर के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने के बाद, वैभव अब इंडिया ‘ए’ टीम के साथ श्रीलंका के दौरे पर अपनी इसी फॉर्म को दोहराने के इरादे से मैदान पर हैं.

इसे भी पढ़े- क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा ‘ब्लंडर’! बिना गेंद डाले ही अंपायर ने विरोधी टीम को घोषित किया विजेता, वीडियो देख पकड़ लेंगे सिर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >