T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत टीम इंडिया के लिए किसी रोलर-कोस्टर राइड से कम नहीं रही है. अभी टूर्नामेंट को शुरू हुए सिर्फ 6 दिन हुए हैं और भारतीय टीम चोट और बीमारी से जूझने लगी है. मुंबई में यूएसए के खिलाफ मिली करीबी जीत के बाद अब टीम के सामने चुनौती है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि अभिषेक शर्मा की जगह कौन खेलेगा? टीम डांडिया आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ मैच खेलेगी.
अभिषेक शर्मा की बिगड़ी थी तबीयत
अभिषेक शर्मा ने यूएसए के खिलाफ पहला मैच तेज बुखार में खेला था. मैच के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई. दिल्ली पहुंचने पर वे टीम डिनर में भी थोड़ी देर के लिए ही शामिल हुए और फिर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. हालांकि, तिलक वर्मा ने कन्फर्म किया है कि अभिषेक को डिस्चार्ज कर दिया गया है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ बड़े मैच को देखते हुए मैनेजमेंट उन्हें नामीबिया के खिलाफ आराम दे सकता है.
संजू सैमसन को मिल सकता है बड़ा मौका
अभिषेक की जगह ओपनिंग के लिए संजू सैमसन सबसे आगे चल रहे हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, संजू ने नेट्स पर काफी पसीना बहाया है, हालांकि अर्शदीप और बुमराह की गेंदों के सामने वे थोड़े असहज दिखे. संजू के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ जैसा हो सकता है क्योंकि साल 2025 से उनका फॉर्म काफी खराब रहा है. उन्होंने 16 पारियों में सिर्फ 16.75 की औसत से रन बनाए हैं, जिसकी वजह से ईशान किशन को उनसे ऊपर तरजीह दी गई.
बुमराह की वापसी और टीम में बदलाव के संकेत
गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं और वे मोहम्मद सिराज की जगह प्लेइंग इलेवन में वापसी कर सकते हैं. साथ ही, कोलंबो की स्पिन फ्रेंडली पिचों को ध्यान में रखते हुए टीम मैनेजमेंट कुलदीप यादव को भी नामीबिया के खिलाफ मौका दे सकता है ताकि उन्हें जरूरी मैच प्रैक्टिस मिल सके. वॉशिंगटन सुंदर भी रिब इंजरी से उबरकर वापस आ चुके हैं, जिन्हें एक सरप्राइज ओपनिंग ऑप्शन के तौर पर देखा जा रहा है.
कोचिंग स्टाफ का संजू पर भरोसा
असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट के अनुसार, संजू सैमसन को टीम का पूरा सपोर्ट हासिल है. उन्होंने साफ किया कि भले ही ईशान के प्रदर्शन की वजह से संजू को बाहर बैठना पड़ा, लेकिन टूर्नामेंट जीतने के लिए स्क्वॉड के सभी 15 खिलाड़ी बहुत जरूरी हैं. अब देखना होगा कि नामीबिया के खिलाफ संजू इस मौके का फायदा उठाकर अपनी फॉर्म वापस पाते हैं या नहीं.
USA के खिलाफ पिछले मैच में ऐसी थी इंडिया की प्लेइंग इलेवन: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती.
ये भी पढ़ें: वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रन से हराया, प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर कब्जा
ये भी पढ़ें: कैनेडियन क्रिकेटर श्रेयस मोव्वा का भारत से खास रिश्ता, द्रविड़ हैं आदर्श
