Ravichandran Ashwin: दिग्गज ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन 2026 सीजन के लिए सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के साथ करार करने के बाद मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. अश्विन उस भारतीय टीम के सदस्य थे जिसने 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी. तीनों फॉर्मेट में कुल मिलाकर, उन्होंने 287 मैचों में 765 अंतरराष्ट्रीय विकेट लिए हैं और टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सातवें सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं.
क्या कहना है अश्विन का
अश्विन ने कहा, ‘एमएलसी ने हाल के सीजन ने यह साबित कर दिया है कि यह वर्ल्ड क्लास प्लेयर्स को लाकर और अमेरिकी घरेलू क्रिकेट प्रतिभा को महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करके एक शानदार आयोजन कर सकता है. सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के साथ इसका हिस्सा बनने का अवसर ऐसा था जिसे मैं छोड़ नहीं सकता था. मेजर लीग क्रिकेट में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी के रूप में यह जिम्मेदारी लेना मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे मैं पूरी तरह से स्वीकार करता हूं. मेरा पूरा ध्यान इस फ्रेंचाइजी को मैच जीतने और पहली चैंपियनशिप के लिए प्रयासरत रहने में मदद करने पर है, साथ ही बे एरिया के प्रशंसकों के लिए शानदार क्रिकेट का प्रदर्शन करना भी मेरा लक्ष्य है.’
कोच ने अश्विन को बताया वर्ल्ड क्लास
अश्विन आईपीएल इतिहास में शीर्ष पांच विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक हैं1 उन्होंने अपनी घरेलू फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ-साथ राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया है. घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने से पहले वह बिग बैश लीग (बीबीएल) में सिडनी थंडर के लिए खेलने वाले थे. अब अश्विन की फिरकी का जादू अमेरिका देखेगा, जहां वह मेजर लीग क्रिकेट में अपना जलवा दिखाएंगे. टीम के मुख्य कोच कैमरून व्हाइट ने भी अश्विन को वर्ल्ड क्लास का खिलाड़ी बताया है.
19 जून को शुरू होंगे अश्विन के मैच
सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स 19 जून को डलास, टेक्सास के पास ग्रैंड प्रेयरी क्रिकेट स्टेडियम में एलए नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने सीजन की शुरुआत करेंगे. टूर्नामेंट का समापन 18 जुलाई को फ्रेंचाइजी के घरेलू मैदान, ओकलैंड कोलिजियम में होगा. इससे पहले फ्रेंचाइजी ने अपने विदेशी खिलाड़ियों की सूची से कप्तान मैट शॉर्ट, कूपर कॉनॉली, जेवियर बार्टलेट, फिन एलन और हारिस रऊफ को बरकरार रखा था. घरेलू खिलाड़ियों में संजय कृष्णमूर्ति, हसन खान, ब्रॉडी काउच, जुआनॉय ड्राईस्डेल और हम्माद आजम शामिल हैं.
ये भी पढ़ें…
IPL टिकट पर कर्नाटक में सियासी जंग, बीजेपी ने बताया- VIP कल्चर
IPL 2026: SRH के खिलाफ मैच में काली पट्टी बांधकर खेलेगी RCB, जानें क्या है वजह
