राशिद खान ने रच दिया इतिहास, टी20 क्रिकेट में ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज बने

Rashid Khan Record: अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने टी20 क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. वह टी20 फॉर्मेट में 700 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने यह उपलब्धि टी20 वर्ल्ड कप में यूएई के खिलाफ मैच में हासिल की. राशिद ने ड्वेन ब्रावो को पीछे छोड दिया है.

Rashid Khan Record: राशिद खान (Rashid Khan) ने T20 क्रिकेट में एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है जो आज तक दुनिया का कोई भी गेंदबाज नहीं कर पाया. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के ग्रुप मैच में उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया. UAE के खिलाफ खेलते हुए राशिद खान T20 फॉर्मेट में 700 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं.

उनकी इस उपलब्धि ने क्रिकेट जगत में सबको हैरान कर दिया है क्योंकि उनसे पहले किसी भी गेंदबाज ने इस फॉर्मेट में 700 विकेट का आंकड़ा नहीं छुआ था. राशिद ने अपनी फिरकी के दम पर दुनिया भर के बल्लेबाजों को परेशानी में डाला है और अब वे इस फॉर्मेट के सबसे सफल गेंदबाज हैं.

कैसे पूरा हुआ 700 विकेट का सफर

राशिद खान ने यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड UAE के खिलाफ मैच के दौरान 16वें ओवर में बनाया. उन्होंने UAE के बल्लेबाज मुहम्मद अरफान को हिट-विकेट आउट करके अपना 700वां शिकार किया. अरफान ने दो गेंदों का सामना किया था और बिना कोई रन बनाए आउट हो गए. राशिद खान ने इस मैच में अपने चार ओवर के स्पेल में 24 रन देकर एक विकेट हासिल किया. उनकी इस सधी हुई गेंदबाजी ने UAE को बहुत बड़ा स्कोर बनाने से रोका. हालांकि UAE ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 160 रन बनाए थे, लेकिन राशिद की उपलब्धि मैच की सबसे बड़ी खबर बन गई.

ब्रावो और नरेन से निकले काफी आगे

अगर T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट देखी जाए तो राशिद खान सबसे ऊपर हैं. उनके बाद दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो का नाम आता है. ब्रावो ने अपने करियर में 631 विकेट लिए थे. वहीं, तीसरे नंबर पर सुनील नरेन हैं जिन्होंने अब तक 613 विकेट लिए हैं. राशिद खान इन दोनों दिग्गजों से काफी आगे निकल गए हैं. जो खिलाड़ी अभी खेल रहे हैं, उनमें सुनील नरेन ही राशिद के आस-पास दिखते हैं लेकिन वो भी अभी काफी पीछे हैं. साउथ अफ्रीका के इमरान ताहिर 572 विकेट के साथ चौथे और आंद्रे रसेल 508 विकेट के साथ पांचवें नंबर पर हैं.

इंटरनेशनल T20 में भी सबसे आगे

सिर्फ ओवरऑल T20 ही नहीं, बल्कि T20 इंटरनेशनल में भी राशिद खान का डंका बजता है. वे T20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और उनके नाम 191 विकेट दर्ज हैं. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी हैं जिनके नाम 164 विकेट हैं. वहीं, न्यूजीलैंड के ही स्पिनर ईश सोढ़ी 162 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं. ईश सोढ़ी इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड की टीम का हिस्सा भी हैं. राशिद खान का औसत और इकोनॉमी रेट भी उन्हें इस फॉर्मेट का सबसे खतरनाक गेंदबाज बनाता है. उन्होंने 2015 में डेब्यू किया था और बहुत कम समय में यह मुकाम हासिल किया.

उमरजई की खतरनाक गेंदबाजी

मैच में राशिद के रिकॉर्ड के अलावा अफगानिस्तान के लिए अजमतुल्लाह उमरजई ने शानदार प्रदर्शन किया. उमरजई अफगानिस्तान के सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 15 रन देकर चार विकेट चटकाए. मुजीब उर रहमान ने भी दो विकेट लिए. UAE की तरफ से अलीशान शराफू ने 31 गेंदों में 40 रन और सोहेब खान ने 48 गेंदों में 68 रन की पारी खेली. इन दोनों की बैटिंग की बदौलत UAE ने अफगानिस्तान के सामने 161 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था. UAE की टीम अपनी पहली जीत की तलाश में थी.

अफगानिस्तान ने जीता मैच

अफगानिस्तान ने 161 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार खेल दिखाया और 5 विकेट से मैच जीत लिया. इस जीत के साथ अफगानिस्तान सुपर 8 की रेस में अभी भी बना हुआ है. टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया. अजमतुल्लाह उमरजई को उनके ऑल-राउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. अब अफगानिस्तान का अगला मुकाबला कनाडा के साथ है. यह मैच गुरुवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. राशिद खान की टीम इस मैच को जीतकर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी.

ये भी पढ़ें-

फिर बेइज्जत हुआ पाकिस्तान, टीम इंडिया ने हराने के बाद ऐसे दिखाई औकात

अजमतुल्लाह के ऑलराउंड प्रदर्शन से जीता अफगानिस्तान, सुपर-8 की उम्मीदें कायम

पाकिस्तान की हुई गजब बेइज्जती, आकाश चोपड़ा के पोस्ट कर पड़ोसियों को लताड़ा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >