बदकिस्मत रहे कि हम हार गए, साउथ अफ्रीका से मिली रोमांचक हार के बाद टूटे राशिद खान

Rashid Khan Reaction: अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को दूसरे सुपर ओवर में हरा दिया. इस हार से कप्तान राशिद खान काफी निराश दिखे. उन्होंने कहा कि टीम ने जान लगा दी थी लेकिन एक गेंद और किस्मत ने सब बदल दिया.

Rashid Khan Reaction: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के 13वें मैच में अफगानिस्तान को साउथ अफ्रीका (AFG vs SA) के हाथों दिल तोड़ने वाली हार झेलनी पड़ी. दो-दो सुपर ओवर तक चले इस मैच के बाद अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान (Rashid Khan) ने बड़ा बयान दिया. राशिद ने कहा कि उनके खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना सब कुछ झोंक दिया था और वह हारने वाली टीम का हिस्सा बनकर खुद को बहुत बदकिस्मत महसूस कर रहे हैं. मैच में दोनों टीमों ने 20 ओवर में 187 रन बनाए थे, जिसके बाद नतीजा निकालने के लिए दो बार सुपर ओवर का सहारा लेना पड़ा.

IPL के अनुभव से बनाई थी खास रणनीति 

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान राशिद खान ने बताया कि उन्हें अहमदाबाद की विकेट का काफी अनुभव है. उन्होंने कहा कि मैंने इस पिच पर आईपीएल के दौरान बहुत क्रिकेट खेला है, इसलिए मुझे पता था कि यहां कैसे गेंदबाजी करनी है. राशिद के मुताबिक उन्होंने टीम के साथ चर्चा की थी कि साउथ अफ्रीका को शुरुआती बढ़त के बाद आखिरी 10 ओवरों में रोकना है. गेंदबाजों ने कप्तान की बात मानी और साउथ अफ्रीका को 190 रन के अंदर ही सीमित रखा. राशिद ने इस प्रदर्शन को अद्भुत बताया.

एक डाइव बदल सकती थी मैच 

पहले सुपर ओवर के रोमांच पर बात करते हुए राशिद खान थोड़े निराश दिखे. अफगानिस्तान ने पहले सुपर ओवर में 17 रन बनाए थे और साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 18 रनों की दरकार थी. फजलहक फारूकी ने अच्छी गेंदबाजी की और विकेट भी निकाला, लेकिन ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर मैच फिर टाई कर दिया. राशिद ने कहा कि उस समय एक डाइव या एक बेहतर गेंद मैच खत्म कर सकती थी. उन्होंने माना कि उनकी टीम वहां थोड़ी और समझदारी दिखा सकती थी ताकि मैच दूसरे सुपर ओवर तक न जाता.

आखिरी गेंद पर 5 रन, गुरबाज का विकेट 

दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 23 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य दिया. राशिद खान ने कहा कि अंतिम ओवर में 1 गेंद पर 5 रन चाहिए थे और मुकाबला किसी भी तरफ जा सकता था. केशव महाराज के खिलाफ रहमतुल्लाह गुरबाज ने लगातार तीन छक्के मारकर मैच को अफगानिस्तान की पकड़ में ला दिया था, लेकिन आखिरी गेंद पर वह कैच थमा बैठे. राशिद ने गुरबाज की 84 रनों की पारी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने लाजवाब बल्लेबाजी की. हालांकि पावरप्ले में विकेट गिरने से टीम थोड़ा दबाव में आ गई थी.

बाहर होने का दुख 

राशिद खान ने काफी भावुक होकर कहा कि पूरी टीम ने वर्ल्ड कप के अगले दौर में पहुंचने के लिए पिछले डेढ़ साल से कड़ी मेहनत की थी. इस तरह करीब आकर हारना और टूर्नामेंट से बाहर होना बहुत निराशाजनक है. कप्तान ने कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा गर्व का क्षण होता है और वह अपनी टीम को आगे ले जाने की पूरी कोशिश करते रहेंगे. राशिद के अनुसार उनकी टीम ने बल्लेबाजी की शुरुआत बहुत अच्छी की थी, लेकिन अंत में किस्मत ने साथ नहीं दिया और साउथ अफ्रीका बाजी मार ले गया.

ये भी पढ़ें-

20वें ओवर का ड्रामा, रबाड़ा की नो बॉल और वाइड ने बदला गेम, जानें सबकुछ

टी20 वर्ल्ड कप 2026: ये तो गजब हो गया! दो सुपर ओवर के बाद साउथ अफ्रीका ने 4 रन से मारी बाजी

क्विंटन डिकॉक ने तोड़ा एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड, 2 रन से चूका यह मुकाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >