299 पर खेल खत्म! रणजी ट्रॉफी में 88 साल में पहली बार हुआ ऐसा, बंगाल के सुदीप घरामी का टूटा दिल

Ranji Trophy, Sudip Gharami: रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में बंगाल के सुदीप कुमार घरामी के साथ वो हुआ जो टूर्नामेंट के इतिहास में कभी नहीं हुआ था. सुदीप 299 रन बनाकर आउट हो गए और सिर्फ 1 रन से अपना तिहरा शतक चूक गए. इससे पहले कोई भी खिलाड़ी 299 पर आउट नहीं हुआ था.

Ranji Trophy, Sudip Gharami: रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) के इतिहास में जो कभी नहीं हुआ था, वो इस बार तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में देखने को मिला. बंगाल के होनहार बल्लेबाज सुदीप घरामी (Sudip Gharami) एक रन से अपना तिहरा शतक चूक गए. वो आंध्र प्रदेश के खिलाफ 299 रन बनाकर आउट हो गए. खेल में ऐसा बहुत कम होता है जब कोई खिलाड़ी इतने करीब जाकर आउट हो जाए. शेख रशीद की गेंद पर बोल्ड होते ही उनकी शानदार पारी का अंत हो गया. सुदीप अगर एक रन और बना लेते तो उनका नाम तिहरा शतक लगाने वालों में शामिल हो जाता, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.

पहली बार 299 पर आउट हुआ कोई खिलाड़ी 

सुदीप कुमार घरामी के नाम अब एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है जिसे कोई भी बल्लेबाज अपने नाम नहीं करना चाहेगा. रणजी ट्रॉफी के इतने सालों के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब कोई खिलाड़ी 299 रन के स्कोर पर आउट हुआ है. इससे पहले साल 1988-89 में महाराष्ट्र के बल्लेबाज शांतनु सुगवेकर 299 रन पर नाबाद रहे थे. उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाफ यह स्कोर बनाया था, लेकिन वो आउट नहीं हुए थे. लेकिन सुदीप 299 रन बनाकर आउट होने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं.

मैराथन पारी का ऐसे हुआ अंत 

सुदीप कुमार ने अपनी इस पारी में गजब का संयम दिखाया. वो खेल के दूसरे दिन बैटिंग करने आए थे. उन्होंने पहले 96 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद दिन खत्म होने तक उन्होंने 157 गेंदों में शतक पूरा कर लिया था. तीसरे दिन भी वो डटे रहे और 270 गेंदों में 150 रन पूरे किए. 415 गेंदों का सामना करते हुए उन्होंने रणजी करियर का अपना पहला दोहरा शतक जड़ा. वो तिहरा शतक बनाने के बेहद करीब थे, लेकिन 596वीं गेंद पर वो आउट हो गए. अपनी इस मैराथन पारी में उन्होंने 31 चौके और 6 छक्के लगाए.

शानदार रहा है सुदीप का प्रदर्शन 

इस रणजी सीजन में बंगाल के लिए सुदीप कुमार घरामी ने कमाल की बल्लेबाजी की है. आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 12 पारियों में 54.25 की बेहतरीन औसत से 651 रन बनाए हैं. इस सीजन में उनके बल्ले से दो शतक और तीन अर्धशतक निकले हैं. वो इस सीजन में तिहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते थे, लेकिन सिर्फ एक रन की दूरी ने उन्हें रोक दिया.

टीम के लिए अहम पारी 

सुदीप की यह पारी बंगाल के लिए बहुत मायने रखती है. क्वार्टर फाइनल जैसे बड़े मैच में इतना बड़ा स्कोर बनाना आसान नहीं होता. भले ही वो तिहरा शतक नहीं लगा पाए, लेकिन उनकी इस पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है. क्रिकेट फैंस को उम्मीद थी कि वो 300 का आंकड़ा छू लेंगे, लेकिन शेख रशीद की गेंद ने उनका सपना तोड़ दिया.

ये भी पढ़ें-

रणजी ट्रॉफी: केएल राहुल का धमाका, चौथी पारी में शतक लगाकर कर्नाटक को मुश्किल से निकाला

जिम्बाब्वे की तूफानी गेंदबाजी के आगे ओमान पस्त, 103 रन पर ढेर हुई टीम

भारत-पाक मैच पर पीसीबी का यू-टर्न, बांग्लादेश के बहाने आईसीसी से की अजीब मांग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >