Nirahua on Jharkhand T20 League: झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली झारखंड टी20 लीग 2026 का आगाज 10 जून से होने जा रहा है. टूर्नामेंट को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह है. इस सीजन के लिए सभी छह फ्रेंचाइजियों ने अपनी-अपनी टीमों तैयार कर ली है. टूर्नामेंट शुरू होने से पहले भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ने एक वीडियो शेयर किया है.
टूर्नामेंट के प्रचार-प्रसार को और आकर्षक बनाने के लिए भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी इससे जुड़े हैं. झारखंड टी20 लीग के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किए गए एक वीडियो में निरहुआ ने सभी टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और टूर्नामेंट के सफल आयोजन की कामना की.
वीडियो में निरहुआ ने झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों से अपील करते हुए कहा कि झारखंड टी20 लीग 10 जून से शुरू होने जा रही है. उन्होंने दर्शकों से टूर्नामेंट का भरपूर आनंद लेने और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने की अपील की है. वहीं उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के मुकाबले जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे और फैंस इसका लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे.
रॉबिन मिंज बने सबसे महंगे खिलाड़ी
इस बार मुंबई इंडियंस के साथ आईपीएल में जुड़े रहे विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन मिंज नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी बने. उन्हें कोयलांचल सुपर किंग्स ने 15.25 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया. रॉबिन मिंज पर लगी इस बड़ी बोली ने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है.
वहीं झारखंड क्रिकेट के स्टार खिलाड़ियों को अलग-अलग फ्रेंचाइजियों ने अपने आइकॉन प्लेयर के रूप में चुना है. ईशान किशन संथाल स्ट्राइकर्स, विराट सिंह छोटानागपुर रॉयल्स, मोहम्मद कौनेन कुरैशी जमशेदपुर स्टीलर्स, सुशांत मिश्रा धनबाद डायमंड्स और शिखर मोहन रांची टाइटन्स का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे.
यह भी पढ़ें: झारखंड टी20 लीग: सभी 6 फ्रेंचाइजियों के स्क्वाड का ऐलान, देखें पूरी टीम लिस्ट
