नेपाल ने रचा इतिहास, T20I में दूसरी बार किया ऐसा कारनामा

2026 एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट क्वालिफायर के पहले मैच में नेपाल ने चीन को 221 रन से हराकर इतिहास रच दिया. नेपाल ने 20 ओवर में 313/2 का विशाल स्कोर बनाया और T20I क्रिकेट में दूसरी बार 300 रन का आंकड़ा पार करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई.

Nepal: सिंगापुर में शुरू हुए 2026 एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट क्वालिफायर के पहले मुकाबले में नेपाल ने चीन को 221 रन के विशाल अंतर से हराकर धमाकेदार जीत दर्ज की. इस मुकाबले में नेपाली बल्लेबाजों ने रिकॉर्डों की झड़ी लगा दी और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में एक और यादगार अध्याय जोड़ दिया.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की टीम ने चीन के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और निर्धारित 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 313 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम के स्टार ओपनर कुशल भुर्तेल ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा. अपनी शतकीय पारी के दौरान उन्होंने एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया.

T20I में नेपाल ने दूसरी बार पार किया 300 रन का आंकड़ा

नेपाल का 313/2 का स्कोर टी20 इंटरनेशनल इतिहास के सबसे बड़े टीम स्कोरों में शामिल हो गया. इसके साथ ही नेपाल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक से अधिक बार 300 रन का आंकड़ा पार करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है. इससे पहले नेपाल ने सितंबर 2023 में 2023 एशियन गेम्स के दौरान मंगोलिया के खिलाफ 314/3 का स्कोर बनाया था.

टी20 इंटरनेशनल में 300 से ज्यादा रन बनाने वाली टीमें

टीमविपक्षी टीमस्कोरवर्ष
जिम्बाब्वेगाम्बिया344/4अक्टूबर 2024
नेपालमंगोलिया314/3सितंबर 2023
नेपालचीन313/2मई 2026
जर्मनीऑस्ट्रिया308/1मई 2026
इंग्लैंडदक्षिण अफ्रीका304/2सितंबर 2025

T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक केवल चार टीमें ही 300 या उससे अधिक का स्कोर बनाने में सफल रही हैं. इस सूची में नेपाल के अलावा जिम्बाब्वे, जर्मनी और इंग्लैंड शामिल हैं. नेपाल ने दो बार यह उपलब्धि हासिल कर इस मामले में खुद को सबसे आगे स्थापित कर लिया है.

नेपाल ने 221 रन से जीत मुकाबला

313 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी चीन की टीम नेपाली गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और निर्धारित ओवरों में लक्ष्य के करीब भी नहीं पहुंच पाई. नेपाल ने मुकाबला 221 रन के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ नेपाल ने एशियन गेम्स के क्वालिफायर में शानदार आगाज किया.

यह भी पढ़ें: बारिश में धुला IPL फाइनल तो कौन बनेगा चैंपियन, जानिए बीसीसीआई का नियम 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ujjawal Sinha

उज्जवल कुमार सिन्हा खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर में स्पोर्ट्स सेक्शन को लीड कर रहे हैं और विभिन्न खेलों से जुड़ी खबरों की योजना, संपादन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उन्होंने अपने करियर में मुख्य रूप से डेस्क पर काम करते हुए एक्सक्लूसिव कंटेंट और स्पेशल स्टोरीज पर फोकस किया है. इस दौरान उन्होंने प्रो कबड्डी लीग और रणजी ट्रॉफी के मैच भी कवर किए हैं. प्रभात खबर से पहले वह नवभारत, CricTracker, जनसत्ता, स्पोर्ट्स तक और एपीएन न्यूज जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुके है. शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने सेंट जेवियर्स यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में स्नातक और सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. पत्रकारिता के साथ-साथ उज्ज्वल का खेल से व्यक्तिगत जुड़ाव भी रहा है. वह क्रिकेट के खिलाड़ी रह चुके हैं और बिहार के लिए स्टेट कैंप में हिस्सा ले चुके हैं, जिससे उनकी समझ और लेखन को अतिरिक्त मजबूती मिलती है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >