Highlights
महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) रविवार सुबह अहमदाबाद पहुंच गए हैं. वह इंडिया और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच होने वाला टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) का फाइनल मैच देखेंगे. यह खिताबी मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. धोनी ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भी इंडिया और इंग्लैंड का सेमीफाइनल मैच देखा था.
सेमीफाइनल में मौजूद थे कई सितारे
एमएस धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ मुंबई में भी मैच देखने गए थे. वहां क्रिकेट जगत से केएल राहुल और रोहित शर्मा ने भी मौजूद रहे थे. इसके अलावा रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, वरुण धवन और अनिल कपूर जैसे कई बॉलीवुड सितारे मौजूद थे. रोहित शर्मा की कप्तानी में ही इंडिया ने 2024 का टी20 वर्ल्ड कप और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी.
धोनी की कप्तानी में मिली थी पहली जीत
इंडिया ने अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप साल 2007 में धोनी की कप्तानी में ही जीता था. तब टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर कप उठाया था. अब सूर्यकुमार यादव की टीम पर यही कमाल दोहराने की जिम्मेदारी है. टीम अपने घरेलू दर्शकों के सामने ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनने की कोशिश करेगी. दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम भी अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी.
इंडिया के निशाने पर कई नए रिकॉर्ड
इस फाइनल मैच में इंडिया कई बड़े रिकॉर्ड बना सकती है. जैसे लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतना, अपने देश में यह टूर्नामेंट जीतने वाला पहला होस्ट बनना और तीसरी बार खिताब अपने नाम करना. न्यूजीलैंड के सामने सबसे बड़ी चुनौती इंडिया के मजबूत बल्लेबाजों को रोकना और जसप्रीत बुमराह की सटीक गेंदबाजी से पार पाना होगी.
कैसा रहा दोनों टीमों का सफर
दोनों टीमें अलग तरीके से फाइनल में पहुंची हैं. न्यूजीलैंड को ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका और सुपर आठ में इंग्लैंड से हार मिली थी, पर सेमीफाइनल में उसने साउथ अफ्रीका को आसानी से हरा दिया. इसमें फिन एलन ने टी20 वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक (33 गेंद) लगाया था. वहीं इंडिया सिर्फ साउथ अफ्रीका से सुपर आठ में हारी थी. सेमीफाइनल में इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 253 रन का बड़ा स्कोर बनाया और 7 रन से शानदार जीत दर्ज की. वर्ल्ड कप इतिहास में पहले न्यूजीलैंड ने इंडिया को 2007, 2016 और 2021 में हराया है. लेकिन हाल ही में इंडिया ने अपने घर में न्यूजीलैंड को टी20 सीरीज में 4-1 से मात दी थी.
ये भी पढ़ें-
क्या वरुण चक्रवर्ती होंगे प्लेइंग 11 से बाहर? आंकड़ों से जानते हैं कैसे कुलदीप को मिल सकता है मौका
T20 वर्ल्ड कप फाइनल : क्या आपको पता है ट्रॉफी बनाने वाले का नाम? मजेदार है किस्सा
